हिसार। हरियाणा के हिसार में कैमरी रोड पुल के पास शराब ठेके पर दोस्तों के साथ गए एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि वहां कुछ युवकों से उसकी बहस हो गई थी। इसके बाद उसकी छाती पर चाकू से कई वार किए गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा भेज दिया। मामले में सीआईए टीम ने कुछ घंटों बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब ठेके के पास हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक पवन सेल्समैन का काम करता था। वह दोस्तों के साथ शराब ठेके पर गया था। इसी दौरान वहां कुछ युवकों से उसकी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर उस पर चाकू से हमला किया गया। उसकी छाती पर कई वार किए गए।
बताया गया है कि पवन का कुछ दिन पहले भी किसी से विवाद हुआ था। पुलिस इस पुराने विवाद को भी जांच के दायरे में रखकर पूछताछ कर रही है।
तीन बहनों का इकलौता भाई था पवन
पवन अपने परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था। वह परिवार में कमाने वाला भी था। उसके दो बच्चे हैं। उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है।
हत्या की सूचना मिलने के बाद परिजन देर रात करीब एक बजे सिविल अस्पताल पहुंचे। अपने परिवार के सदस्य की मौत की खबर से उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।
सीआईए टीम ने एक आरोपी को पकड़ा
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा भेजा गया। बाद में मामले की जांच सीआईए टीम को सौंपी गई।
मिल गेट सीआईए इंचार्ज जगदीश के अनुसार, पुलिस ने हत्या के मामले में कुछ घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सोनू पुत्र बलबीर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ठेके के पास अलग-अलग बैठकर शराब पी रहे थे। दोनों के बीच करीब एक सप्ताह पहले भी आपसी काम को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पति की हत्या से सनसनी, पेट पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार; पोस्टमार्टम में सामने आईं चौंकाने वाली बातें
10 दिन में हिसार में हत्या की पांचवीं वारदात
पवन की हत्या को मिलाकर हिसार जिले में पिछले 10 दिनों में हत्या की पांचवीं वारदात सामने आई है। इससे पहले तलवंडी रुक्का में अंतरजातीय प्रेम विवाह की रंजिश में वृद्ध महाबीर की हत्या, आदमपुर में किशोरी की कथित ऑनर किलिंग, चंदन नगर में कार वॉशिंग सर्विस सेंटर संचालक की हत्या और कोर्ट परिसर में गैंगस्टर की हत्या का मामला सामने आया था। लगातार हुई इन वारदातों के बाद जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

