कुरुक्षेत्र: पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास एक मकान में 40 वर्षीय राजेश की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। आरोप है कि उसकी पत्नी विमला देवी ने चाकू से उस पर कई वार किए। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसका पेट करीब 35 सेंटीमीटर तक खुल गया था। पोस्टमार्टम के दौरान उसके पेट से जुड़े अंगों को लेकर भी गंभीर तथ्य सामने आए हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, राजेश के पेट पर गहरे घाव थे। चोटों के कारण उसकी आंतें बाहर आ गई थीं। जांच के दौरान उसके लीवर का करीब आधा हिस्सा और दाईं किडनी भी नहीं मिली। पुलिस अब इन परिस्थितियों की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि वारदात के बाद महिला आंतों को एक बैग में रखने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान मकान मालिक रिंकू को शोर सुनाई दिया। वह छत पर पहुंचा तो राजेश खून से लथपथ पड़ा था। महिला को सामने देखकर वह भी घबरा गया। महिला ने कथित तौर पर छत से नीचे छलांग लगा दी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

करीब एक साल से कुरुक्षेत्र में रह रहा था राजेश

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश के रूप में हुई है। वह करीब एक साल से अपनी पत्नी विमला देवी के साथ कुरुक्षेत्र में रह रहा था। वह पिहोवा रोड स्थित पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में पानी सप्लाई का काम करता था।

शाम को सुनाई दी चीखने की आवाज

मकान मालिक रिंकू के अनुसार, राजेश ने करीब एक साल पहले मकान की ऊपरी मंजिल पर कमरा किराए पर लिया था। मंगलवार शाम करीब 5 बजे उसे कमरे से राजेश और विमला के चीखने की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनकर रिंकू छत पर पहुंचा। वहां राजेश खून से लथपथ पड़ा था। उसके पेट पर गंभीर चोटें थीं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में हत्या के कारणों और वारदात की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m