रेणु अग्रवाल, धार। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ द्वारा ऐतिहासिक भोजशाला परिसर को लेकर दिए गए बड़े फैसले के बाद धार सहित पूरे प्रदेश के हिंदू समाज में भारी उत्साह का माहौल है। कोर्ट द्वारा परिसर को मंदिर घोषित किए जाने और पूजा-अर्चना के पूर्ण अधिकार दिए जाने के ऐतिहासिक निर्णय के बाद अब यहां एक अभूतपूर्व आयोजन होने जा रहा है। आगामी शुक्रवार 22 मई 2026 को 721 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पहली बार सकल हिंदू समाज भोजशाला स्थित मां के मंदिर में दोपहर 1:00 बजे भव्य महाआरती करने जा रहा है।

शुक्रवार बेहद ऐतिहासिक होने वाला

इस ऐतिहासिक पल को लेकर धार में बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं और पूरे हिंदू समाज से इस धार्मिक आंदोलन और आयोजन में जुटने का आह्वान किया गया है। भोज उत्सव समिति के संरक्षक अशोक जैन ने एक प्रेसवार्ता आयोजित कर इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा मीडिया के सामने रखी। उन्होंने बताया कि सकल हिंदू समाज के स्वाभिमान आंदोलन के तहत इस बार का शुक्रवार बेहद ऐतिहासिक होने वाला है।

कार्यक्रम का शेड्यूल इस प्रकार रहेगा

दोपहर 12:00 बजे धार के समस्त हिंदू समाज के लोग धानमंडी क्षेत्र में एकत्रित होंगे। धानमंडी से सभी श्रद्धालु और आम नागरिक सामूहिक रूप से एक भव्य जुलूस की शक्ल में भोजशाला मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे। दोपहर ठीक 1:00 बजे भोजशाला परिसर में मां सरस्वती (मां वाग्देवी) का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा, जिसके बाद भव्य महाआरती संपन्न होगी।

आम जनता से जुटने की अपील

आयोजकों और भोज उत्सव समिति द्वारा धार के सभी नागरिकों, मातृशक्ति और युवाओं से इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने और अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होने की भावुक अपील की गई है। चूंकि हाई कोर्ट के फैसले के बाद यह पहला इतना बड़ा सामूहिक आयोजन है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। भोजशाला परिसर और पूरे शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है और चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है।

MP में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी के नए नियम तय: वित्त विभाग ने जारी किया आदेश,

दिनदहाड़े कार सवार बदमाशों का तांडवः दूध बेचने जा रहे युवक को टक्कर मारकर लाठी से बेरहमी से पीटा

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m