Hockey World Cup 2026 IND vs PAK: बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है। दोनों टीमों के बीच 19 अगस्त को एम्सटेलवीन के वेगनेर स्टेडियम में होने वाले पूल-डी के इस मुकाबले के सभी 10 हजार टिकट बिक चुके हैं। ऐसे में भारत-पाकिस्तान की टक्कर के दौरान स्टेडियम पूरी तरह खचाखच भरा नजर आएगा।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। इंग्लैंड के खिलाफ 4-2 की हार के बाद भारत के खाते में दो मैचों से तीन अंक हैं। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत वेल्स को 3-1 से हराकर की थी। अब पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मुकाबला अगले दौर की राह तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह

भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मुकाबले का इंतजार दोनों देशों के फैंस लंबे समय से कर रहे हैं। एम्सटेलवीन में भी इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नीदरलैंड में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के बीच इस मैच को लेकर काफी जोश है।
रॉयल डच हॉकी संघ की अधिकारी तमारा बोउवमन्स ने बताया कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले के टिकट सितंबर 2025 से ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध थे। टिकटों की बिक्री अलग-अलग चरणों में की गई। पहला चरण सितंबर 2025 में शुरू हुआ, जबकि दूसरा चरण इस साल मार्च में शुरू किया गया था।
मैच के टिकट अलग-अलग श्रेणियों में उपलब्ध कराए गए थे। नीदरलैंड के मुकाबलों को छोड़कर अन्य मैचों के लिए साउथ स्टैंड के टिकट 35 यूरो से शुरू हुए थे। वहीं, कवर किए गए मेन स्टैंड के डे टिकट की कीमत 57 यूरो थी। हॉस्पिटैलिटी टिकट 251.34 यूरो में उपलब्ध था।
तमारा बोउवमन्स के मुताबिक, किसी दिन के ग्रुप चरण के सभी टिकट बिक जाने के बाद टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर हाफ-डे पास भी उपलब्ध कराए जाते हैं। इन पास के जरिए दर्शक उस दिन नीदरलैंड के मुकाबले को छोड़कर बाकी सभी मैच देख सकते हैं।
वर्ल्ड कप में लंबे समय बाद आमने-सामने होंगे भारत-पाकिस्तान

भारत और पाकिस्तान की हॉकी टीमें लंबे अंतराल के बाद हॉकी वर्ल्ड कप में एक-दूसरे के सामने होंगी। दोनों देशों के बीच मुकाबला हमेशा से ही हाई-वोल्टेज रहा है और इस बार भी वेगनेर स्टेडियम में माहौल खास रहने की उम्मीद है।
भारत के लिए यह मैच इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद टीम को अगले दौर में जगह बनाने के लिए मजबूत प्रदर्शन करना होगा। पाकिस्तान के खिलाफ जीत भारत की स्थिति को मजबूत करेगी, जबकि ड्रॉ भी भारतीय टीम को अगले दौर में पहुंचा सकता है। वहीं, हार की स्थिति में भारत के लिए टूर्नामेंट का सफर समाप्त हो जाएगा।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का कैसा है रिकॉर्ड?

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक हॉकी में कुल 183 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पाकिस्तान ने 82 मैच जीते हैं, जबकि भारतीय टीम 69 मुकाबलों में विजयी रही है। दोनों टीमों के बीच 32 मैच ड्रॉ रहे हैं।
हालांकि, पिछले करीब एक दशक में कहानी काफी हद तक बदल गई है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आखिरी जीत 2016 के साउथ एशियन गेम्स के फाइनल में दर्ज की थी। उस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 1-0 से हराया था।
इसके बाद दोनों टीमों के बीच 19 मुकाबले खेले गए, लेकिन पाकिस्तान को एक भी जीत नहीं मिली। भारत ने इनमें से 17 मुकाबले अपने नाम किए, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे।
अब एक बार फिर दोनों टीमें हॉकी वर्ल्ड कप के मंच पर आमने-सामने हैं। एक तरफ भारतीय टीम पिछले मुकाबले की हार को भुलाकर जीत की राह पर लौटना चाहेगी, तो दूसरी ओर पाकिस्तान की नजर भारत के खिलाफ लंबे समय से चले आ रहे जीत के सूखे को खत्म करने पर होगी। 19 अगस्त को वेगनेर स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ तीन अंकों की लड़ाई नहीं, बल्कि दोनों देशों के फैंस के लिए भी बेहद खास मुकाबला होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


