होमगार्ड भर्ती में चयन के बाद फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय शिवम की पुलिस लाइन में दौड़ते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. पुलिसकर्मी उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

एटा. होमगार्ड भर्ती में चयन के बाद फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय शिवम की शुक्रवार सुबह पुलिस लाइन में दौड़ते समय मौत हो गई. दौड़ के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़ा.

कोतवाली नगर क्षेत्र के रेवाड़ी मोहल्ला निवासी शिवम रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस लाइन में दौड़ लगाने पहुंचा था. वह होमगार्ड भर्ती में नंबर आने के बाद फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रहा था.

दौड़ते समय बिगड़ी तबीयत

दौड़ के दौरान अचानक शिवम की हालत खराब हो गई और वह जमीन पर गिर पड़ा. उसे गिरते देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मदद के लिए पहुंचे.

पुलिसकर्मी आनन-फानन में शिवम को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर गए. वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिवार में मचा कोहराम

शिवम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. वह जिस भर्ती के लिए लगातार मेहनत कर रहा था और सुबह-शाम दौड़ लगाकर फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रहा था, उससे पहले ही उसकी जिंदगी समाप्त हो गई.

परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को घर ले गए. ऐसे में युवक की अचानक मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी.