Automobile Desk : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ को फिर से मजबूत करने के लिए जापानी कार निर्माता कंपनी होंडा (Honda) ने एक बड़ी रणनीति तैयार की है। देश में सालों से अपनी पहचान बना चुकी होंडा अब सीमित मॉडल्स से आगे बढ़कर हर सेगमेंट के ग्राहकों को साधने के मूड में है। खबर है कि इस दशक के अंत तक कंपनी भारतीय बाजार में करीब 10 नए वाहन पेश कर सकती है। इनमें से 7 गाड़ियां अलग-अलग आकार और पावरट्रेन वाली SUV होंगी, जो सीधे तौर पर क्रेटा (Creta), नेक्सॉन (Nexon) और सफारी (Safari) जैसी लोकप्रिय गाड़ियों से मुकाबला करेंगी।

कंपनी ने हाल ही में जीआर-वी हाइब्रिड को सीबीयू रूट से लाकर अपनी मंशा साफ कर दी है। इसके साथ ही वैश्विक स्तर पर पसंद की जाने वाली प्रील्यूड, सिविक और सीआर-वी जैसे बड़े नामों को भी दोबारा भारत लाने पर विचार चल रहा है। आगामी समय में पेश होने वाली चार प्रमुख गाड़ियों से जुड़े अहम विवरण इस प्रकार हैं:
नया अवतार और स्पोर्टी लुक: छठी जनरेशन होंडा सिटी
सेडान सेगमेंट में लंबे समय तक राज करने वाली ‘होंडा सिटी’ (Honda City) अब बिल्कुल नए रूप-रंग में सामने आने वाली है। छठी जनरेशन की सिटी को कंपनी के नए ‘PF2’ हल्के प्लेटफॉर्म पर डिजाइन किया जा रहा है। इस बार का लुक पारंपरिक सेडान से थोड़ा हटकर स्पोर्टी और कूपे शैली का हो सकता है, जिसकी झलक होंडा के हालिया कॉन्सेप्ट मॉडल्स में देखी गई है। कार के अंदर यात्रियों के लिए पहले से ज्यादा जगह, बेहतर रियर-सीट कम्फर्ट और बढ़ा हुआ बूट स्पेस देखने को मिलेगा। पावर के लिए इसमें भरोसेमंद 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन जारी रहने की उम्मीद है, जिसे मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स से जोड़ा जाएगा।
इलेक्ट्रिक सेगमेंट में एंट्री: होंडा 0 अल्फा एसयूवी
इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ते कदम के तहत होंडा अपनी पहली प्योर-ईवी ‘होंडा 0 अल्फा’ पेश करने जा रही है। इसे चालू वित्त वर्ष के अंत तक सामने लाया जा सकता है। यह कार ‘थिन, लाइट एंड वाइज’ आर्किटेक्चर पर आधारित होगी, जिससे इसकी बैटरी दक्षता और इंटीरियर स्पेस दोनों में सुधार होगा। एलिवेट की तुलना में इसका व्हीलबेस करीब 100 मिमी बड़ा होगा, जिससे केबिन काफी खुला-खुला महसूस होगा। इसमें तेज डीसी फास्ट-चार्जिंग की सुविधा भी मिलने की संभावना है। बाजार में आते ही इसका सीधा मुकाबला क्रेटा ईवी, टाटा सिरैरा ईवी और महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक गाड़ियों से होगा।
सब-4 मीटर बाजार में वापसी: नई कॉम्पैक्ट एसयूवी
छोटे एसयूवी सेगमेंट की बढ़ती मांग को देखते हुए होंडा 2028 तक एक नई कॉम्पैक्ट एसयूवी लाने की योजना बना रही है। PF2 प्लेटफॉर्म पर बनने वाली इस कार में नया 1.2-लीटर आई-वीटेक पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। खास बात यह है कि कंपनी इसमें स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम देने का विकल्प भी टटोल रही है, जो शानदार माइलेज देने में सक्षम होगा। यह मॉडल बाजार में टाटा नेक्सॉन, मारुति ब्रेजा, हुंडई वेन्यू और किया सोनेट जैसी गाड़ियों को सीधी चुनौती देगा।
बड़े परिवारों के लिए 7-सीटर SUV
होंडा अब थ्री-रो (तीन पंक्तियों वाली) गाड़ियों के सेगमेंट में भी दांव लगाने जा रही है। PF2 प्लेटफॉर्म पर बनने वाली यह 7-सीटर एसयूवी 6 और 7 सीटों के दो विकल्पों में आ सकती है। 6-सीटर वाले वेरिएंट में बीच की लाइन में कैप्टन सीट्स मिलेंगी। परफॉर्मेंस के लिए इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ-साथ अगली पीढ़ी का 1.5-लीटर e:HEV हाइब्रिड पावरट्रेन मिलने की पूरी संभावना है। यह गाड़ी महिंद्रा XUV700, टाटा सफारी और हुंडई अल्कजार जैसे बड़े खिलाड़ियो के सामने उतरेगी।



