हजारीबाग। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव में घरेलू विवाद के दौरान छह माह के बच्चे की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के बीच बच्चे के पिता ने मासूम को पत्थर पर पटक दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

सड़ा आलू फेंकने को लेकर हुआ था विवाद

मृतक की पहचान अंश कुमार (6 माह) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, घर में सड़ा आलू फेंकने को लेकर बच्चे की मां निराली देवी और दादी फोटा देवी के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान आकाश कुमार मेहता घर पहुंचा।

गुस्से में बच्चे को उठाकर पटकने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पत्नी और मां के बीच चल रहे विवाद को देखकर आकाश कुमार मेहता नाराज हो गया। आरोप है कि उसने गुस्से में अपने छह माह के बेटे को उठाया और कुएं के पास रखे पत्थर पर पटक दिया। बच्चे को गंभीर चोट आई।

परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का मामला

घटना की सूचना मिलते ही कटकमसांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। मृतक की मां निराली देवी के बयान पर पुलिस ने कांड संख्या 135/26 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।

आरोपी पिता न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता आकाश कुमार मेहता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।