चंकी बाजपेयी, इंदौर। शहर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए हुई दोस्ती टूटने पर एक खौफनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने दोस्ती खत्म करने और फोन पर बात करना बंद करने से नाराज होकर योजनाबद्ध तरीके से एक युवती की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद जब पीड़िता गंभीर हालत में तड़प रही थी, तब भी आरोपियों ने उसकी बहन को उसे अस्पताल नहीं ले जाने दिया।
बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया
पुलिस के अनुसार, मृतिका वैष्णवी की दोस्ती अभिषेक नामक युवक से थी। कुछ समय बाद वैष्णवी ने अभिषेक से बातचीत करना बंद कर दिया था। इससे गुस्साए अभिषेक ने मृतिका के घर पहुंचकर उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। जब यह बात वैष्णवी की छोटी बहन को पता चली, तो उसने अभिषेक के दोस्त निखिल को इस बारे में बताया। इसके बाद आरोपी निखिल ने मृतिका वैष्णवी और उसकी बहन को बातचीत के बहाने अपने घर (प्राइम सिटी) पर बुलाया। वहां चाय-नाश्ता कराने के बाद निखिल ने अभिषेक को भी मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते चारों के बीच विवाद बढ़ने लगा।
हल्दी से इलाज का नाटक और अस्पताल ले जाने से रोका
विवाद के दौरान अभिषेक और निखिल ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर वैष्णवी को कई गंभीर घाव कर दिए। जब खून अधिक बहने लगा, तो आरोपियों ने घर में रखी हल्दी से उसका प्राथमिक उपचार करने का नाटक किया। खून से लथपथ वैष्णवी की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। उसकी छोटी बहन उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहती थी, लेकिन आरोपियों ने उन्हें बंधक बनाए रखा और अस्पताल जाने नहीं दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ओम प्रकाश, एडिशनल डीसीपी के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की गहराई से जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

