अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जिले के सिराली-मकड़ाई मार्ग पर स्थित ग्राम खुदिया के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

READ MORE: गणेश पंडाल में गरबा को लेकर खूनी संघर्ष! दो गुटों में पथराव और लाठी-डंडे चले, VIDEO वायरल

जानकारी के अनुसार, घटना खुदिया से सिराली की ओर जा रही स्विफ्ट कार के साथ घटी। कार जैसे ही ग्राम खुदिया के समीप पहुँची, अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार कार सीधे सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार दोनों युवक अंदर ही फंस गए।

हादसा होते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला गया और तुरंत  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

READ MORE: फोरलेन पर धू-धू कर जली कार: पुलिसकर्मी ने वक्त रहते बाहर निकलकर बचाई जान, वाहन जलकर राख

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान सर्वेश बामनिया पिता विनोद बामनिया, उम्र 22 वर्ष और गौतम पिता पदम  के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को कब्जे में लिया है और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m