जमशेदपुर। सोनारी मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के पास गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और चारों युवाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
खड़े ट्रक में जा घुसी कार
जानकारी के मुताबिक, कार नंबर JH05 DS 6450 तेज रफ्तार में मरीन ड्राइव से गुजर रही थी। दोमुहानी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक नंबर JH02 T 3971 से कार की जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के इलाके में तेज आवाज सुनाई दी और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
चारों युवाओं की मौके पर मौत
हादसे में मंत्री की बेटी के अलावा नमन गुप्ता, सार्थक अग्रवाल और वंशिका खंडेलवाल की भी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव की कोशिश की, लेकिन कार में सवार चारों युवाओं को बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने कार और ट्रक जब्त किया
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने कार और ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। शहर के कई गणमान्य लोग भी शोक-संतप्त परिवारों से मिलने पहुंचे।
तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक पर सवाल
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है। वहीं, मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार भारी वाहन बिना पर्याप्त इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर के सड़क किनारे खड़े रहते हैं।
पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक के संबंध में सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।


