दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से रोज-रोज सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला एमपी के नरसिंहपुर जिले का है जहां एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई।
खमरिया गांव के पास हुआ हादसा
दरअसल घटना मुंगवानी थाना क्षेत्र के खमरिया गांव के पास अलसुबह की है जहां नेपाल से बेंगलुरु जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 10 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से एक बच्चे और दो महिलाओं को गम्भीर चोट आई हुई हैं। घायलों को तत्काल 1033 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यात्रियों ने बताया चालक था नशे में
बस में सवार एक महिला यात्री ने चालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि ड्राइवर शराब के नशे में था। जिसके कारण मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां सभी घायलों का उपचार किया जा रहा हैं। सभी घायलों की हालत बेहतर बताई जा रही है।

