पलवल। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। वृंदावन और कोकोलीवन शनिदेव के दर्शन करके लौट रहे युवकों की कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में जा गिरी और सामने से आ रही एक दूसरी कार से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे का विवरण

मृतकों की पहचान 19 वर्षीय हिमांशु और उसके दोस्त निशांत के रूप में हुई है। ये सभी गौतमबुद्धनगर जिले के दादरी इलाके के रहने वाले थे। शनिवार रात ये सभी दोस्त शनिदेव के दर्शन करने के लिए अपनी कार से निकले थे। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी पलवल के पास नेशनल हाईवे-19 पर उनकी गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया। गाड़ी डिवाइडर से टकराने के बाद उछलकर दिल्ली से आगरा जाने वाली लेन में पहुंच गई और वहां से आ रही एक आई-10 कार से जा भिड़ी।

घायलों का इलाज जारी

हादसा इतना जोरदार था कि हिमांशु और निशांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायलों को एंबुलेंस की सहायता से पलवल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने 2 युवकों को मृत घोषित कर दिया। अन्य 3 घायलों, जिनकी पहचान शिवम, निशांत और लकी के रूप में हुई है, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नोएडा के बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्शन के लिए गए युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m