प्रदीप मालवीय, उज्जैन/घट्टीया। उज्जैन जिले के घट्टीया थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया । तराना से उज्जैन की ओर आ रही आनंद ट्रैवल्स की बस ने बड़ोदिया के पास बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी । हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है । घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है । हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया । पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
घटना गुरुवार दोपहर घट्टीया थाना क्षेत्र के बड़ोदिया गांव के पास की है । जानकारी के मुताबिक बाइक पर तीन लोग बसंतखेड़ा क्षेत्र से उज्जैन की ओर आ रहे थे । इसी दौरान तराना से उज्जैन जा रही आनंद ट्रैवल्स की बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी । हादसे में मनोहर पिता सुकराम सोलंकी, निवासी बिसनखेड़ा, उम्र करीब 45 वर्ष, और मांगीलाल पिता देवीलाल परमार की मौके पर ही मौत हो गई । वहीं शंकर पिता पन्नालाल सोलंकी, उम्र करीब 45 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हुआ है । घायल को उपचार हेतू जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था जहां से उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है ।
परिजनों के मुताबिक तीनों खेती-किसानी से जुड़े थे और आपस में रिश्तेदार एवं पड़ोसी बताए जा रहे है । हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया । पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है । हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है । पुलिस उसकी तलाश के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

