रांची। राजधानी रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने कृष्णा होटल के मैनेजर बालेश्वर गोराई की हत्या कर दी। होटल से काम खत्म कर घर लौट रहे बालेश्वर को रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। शुक्रवार सुबह उनका शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इधर, हत्या से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पिठौरिया चौक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो शुरू हुई तलाश
बालेश्वर गोराई के मित्र संदीप साहू ने बताया कि होटल में काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और परिचितों को चिंता हुई। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
संदीप के मुताबिक, बालेश्वर के होटल से निकलने की जानकारी मिलने के बाद दोस्तों ने उन्हें फोन किया था। फोन पर उन्होंने बाहर होने की बात कही थी। इसके बाद दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
जब बालेश्वर का पता नहीं चला तो दोस्तों ने भी खोजबीन शुरू कर दी। इसी दौरान सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी मिली। पास जाकर देखने पर शव की पहचान बालेश्वर गोराई के रूप में हुई।
हत्या की वजह अब तक साफ नहीं, पुलिस जांच में जुटी
बालेश्वर गोराई की हत्या किस वजह से की गई और वारदात में कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
हत्या के विरोध में पिठौरिया चौक जाम, गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
होटल मैनेजर की हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। गुस्साए लोगों ने पिठौरिया चौक पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
चौक पर सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

