अनुज पांडेय, गोपालगंज। शहर के जादोपुर रोड स्थित होटल अंकिता में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बड़े पैमाने पर चल रहे देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से होटल के एक कर्मी को गिरफ्तार किया है, जबकि 6 लड़कियों और 8 लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके से पुलिस ने कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं।
होटल संचालक और मैनेजर पर प्राथमिकी दर्ज
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जादोपुर रोड के होटल अंकिता में पैसों के एवज में कमरा उपलब्ध कराकर देह व्यापार कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सदर एसडीपीओ के निर्देश पर पुलिस टीम ने होटल में अचानक दबिश दी और एक-एक कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 6 लड़कियां और 8 लड़के संदिग्ध परिस्थिति में पाए गए। पुलिस ने होटल कर्मी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि होटल संचालक और मैनेजर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पहचान छुपाने के लिए मुंह बांधकर निकले युवक-युवतियां
छापेमारी के दौरान होटल में मौजूद लड़कियों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने मानवीय आधार पर पहचान छुपाने के लिए युवतियों का सहयोग किया। सभी युवक-युवतियां अपने मुंह को कपड़े से ढके हुए होटल से बाहर निकले और पुलिस वाहनों में बैठकर नगर थाना पहुंचे। नगर थाना परिसर में सभी 14 युवक-युवतियों से बारी-बारी से पूछताछ की गई और उनके परिजनों को बुलाया गया। परिजनों की उपस्थिति में अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
लोगों की लगी भीड़, इंटरनेट पर वीडियो वायरल
होटल के बाहर अचानक पहुंची पुलिस की गाड़ियां देखकर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने होटल से बाहर निकल रहे युवक-युवतियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि होटल में कोई रेस्टोरेंट नहीं चलता था और यहां लंबे समय से यह अवैध धंधा संचालित हो रहा था।
अन्य होटलों और केबिन रेस्टोरेंट पर भी होगी कार्रवाई
जिले में बढ़ते देह व्यापार के नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए पुलिस अब सख्त रुख अपना रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जल्द ही शहर के स्कूल-कॉलेजों के आसपास स्थित होटलों और केबिन वाले रेस्टोरेंट में भी बड़े पैमाने पर सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।



