नई दिल्ली से सऊदी अरब की राजधानी रियाद जा रही Air India की एक फ्लाइट को हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले के दावे के बाद बीच रास्ते से भारत लौटना पड़ा। सुरक्षा कारणों को देखते हुए Air India और Air India Express ने रियाद से आने-जाने वाली अपनी उड़ानें 10 अक्टूबर 2026 तक निलंबित कर दी हैं। वहीं, IndiGo और Akasa Air ने भी रियाद के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

Riyadh Airport ने जारी किया Travel Alert

रियाद के King Khalid International Airport ने 8 अक्टूबर को यात्रियों के लिए ट्रैवल अलर्ट जारी किया। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट का स्टेटस जरूर कन्फर्म करें। सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने भी एयरपोर्ट के इस अलर्ट को सोशल मीडिया पर साझा किया है। इसके बाद रियाद आने-जाने वाले भारतीय यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।

80 मिनट तक नहीं उतरी कोई फ्लाइट

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 ने भारतीय समयानुसार शाम 4:29 बजे बताया कि करीब 80 मिनट से रियाद एयरपोर्ट पर कोई विमान लैंड नहीं हुआ था, जबकि लगभग 90 मिनट से किसी विमान ने वहां से उड़ान भी नहीं भरी थी। हालांकि, बाद में एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू होने की जानकारी सामने आई।

हूतियों ने रियाद एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले का किया दावा

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रियाद के King Khalid International Airport पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है। हूती इससे पहले भी सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों और एयरपोर्ट्स को निशाना बनाने के दावे कर चुके हैं।

बुधवार को हूतियों ने यमन के पोर्ट सिटी अदन एयरपोर्ट पर भी मिसाइल हमला करने का दावा किया था। इसके अलावा सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में कई सैन्य ठिकानों पर हमले की बात भी कही गई है। मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए रियाद जाने वाले यात्रियों को अपनी एयरलाइन से ताजा उड़ान जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m