यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब और यमन के रणनीतिक इलाकों में मिसाइल और ड्रोन हमलों का वीडियो जारी किया है. ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के तट पर स्थित यमन के मोखा बंदरगाह पर हमले करने के साथ साथ सऊदी की अरामको की रिफाइनरी को भी ड्रोन से निशाना बनाया. सरकार समर्थित बलों ने सात मौतों, 15 घायलों और बंदरगाह को भारी नुकसान की बात कही है.
यमन के हूती विद्रोहियों ने रविवार को लाल सागर के एक महत्वपूर्ण बंदरगाह पर हमला किया, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई. दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब में एक तेल प्रतिष्ठान को भी निशाना बनाया गया.
यमन के लाल सागर स्थित मोखा बंदरगाह पर हूती विद्रोहियों ने मिसाइल और ड्रोन से हमला किये जाने के बाद एक वीडियो जारी किया, जिसमें सऊदी समर्थित ठिकानों की तरफ मिसाइल और ड्रोन दागे जाते दिख रहे हैं. हूती लड़ाकों को सऊदी अरब के ठिकानों की ओर मिसाइलों और ड्रोन लॉन्च करते दिखाया गया है.
मिसाइल और ड्रोन हमलों के जारी वीडियो में हूती लड़ाके खुले इलाकों और जंगल के बीच से मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करते दिखाई दे रहे हैं. ऐसा लग रहा है जैसे कि किसी गुलेल से निशाना साधकर प्रोजेक्टाइल छोड़ा जा रहा हो.
दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के जाजान शहर में स्थित अरामको की एक तेल रिफाइनरी को भी निशाना बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई. इसकी पुष्टि सुरक्षा बलों और सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने की है.
दूसरी ओर यमन के अधिकारियों के मुताबिक, हूतियों के मिसाइल और ड्रोन हमले में मोखा बंदरगाह की इमारतों और पियर्स को भारी नुकसान पहुंचा है. यमन सरकार समर्थित सुरक्षा बल ‘नेशनल रेजिस्टेंस फोर्सेज’ ने कहा कि लाल सागर के एक महत्वपूर्ण बंदरगाह मोखा पर हूती विद्रोहियों के हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


