Lifestyle Desk: सर्दी के मौसम में चाय के साथ गरमा-गरम पकौड़े मिल जाएं तो शाम का मजा दोगुना हो जाता है। आमतौर पर लोग आलू, प्याज और पालक के पकौड़े बनाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी अजवाइन की हरी पत्तियों से कुरकुरे पकौड़े बनाए हैं? अगर नहीं, तो इस बार रसोई में मौजूद अजवाइन की पत्तियों को फेंकने के बजाय उनसे स्वादिष्ट स्नैक्स तैयार करें। इन पकौड़ों में अजवाइन की पत्तियों की खास खुशबू, बेसन का चटपटा स्वाद और मसालों का जायका मिलता है। जालौर की संतोष जैन की बताई इस आसान रेसिपी से आप घर पर ही स्वादिष्ट पकौड़े बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी सामग्री और बनाने का तरीका।
सामग्री
- ताजी अजवाइन की हरी पत्तियां-1 कप
- बेसन -1 कप
- प्याज-1 छोटा बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च-1-2 बारीक कटी हुई
- लाल मिर्च पाउडर-आधा छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर-आधा छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर-एक चुटकी
- नमक-स्वादानुसार
- अजवाइन या जीरा -चुटकी भर
- जरूरत के अनुसार पानी
- पकौड़े तलने के लिए तेल
विधि
1-सबसे पहले अजवाइन की ताजी हरी पत्तियों को डंठलों से अलग कर लें। इन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धोकर अतिरिक्त पानी निकाल दें।
2-इसके बाद पत्तियों को कपड़े या किचन टॉवल से सुखा लें। चाहें तो पत्तियों को हल्का-सा काट सकते हैं, ताकि वे बेसन के घोल में आसानी से मिल जाएं।
3-अब एक बड़े बर्तन में बेसन लें। इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, नमक और बारीक कटी हरी मिर्च डालें। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें बारीक कटा प्याज भी मिला सकते हैं।
4-अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला न हो, वरना पकौड़े तलते समय बिखर सकते हैं।
5-तैयार बेसन के घोल में अजवाइन की पत्तियां डालकर अच्छी तरह मिला लें। कोशिश करें कि हर पत्ती पर बेसन और मसालों की परत अच्छी तरह चढ़ जाए।
6-अगर पकौड़ों को ज्यादा कुरकुरा बनाना चाहते हैं, तो बेसन में एक से दो चम्मच चावल का आटा भी मिला सकते हैं।
7-अब कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल मध्यम गर्म होने पर बेसन और पत्तियों के मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा करके तेल में डालें। पकौड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।
8-बीच-बीच में इन्हें पलटते रहें, ताकि पकौड़े चारों तरफ से अच्छी तरह पक जाएं। इसके बाद इन्हें निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें, जिससे अतिरिक्त तेल निकल जाए।
9-आपके स्वादिष्ट और कुरकुरे अजवाइन के पत्तों के पकौड़े तैयार हैं। इन्हें हरी चटनी, टमाटर सॉस या अपनी पसंद की चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें। शाम की चाय के साथ इनका स्वाद बेहद अच्छा लगता है। मेहमानों के आने पर भी इन्हें झटपट तैयार किया जा सकता है।
पकौड़ों को कुरकुरा बनाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
1-अजवाइन की पत्तियों को धोने के बाद अच्छी तरह सुखाएं, ताकि घोल में अतिरिक्त पानी न जाए।
2-बेसन का घोल न ज्यादा पतला रखें और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा।
3-पकौड़ों को हमेशा मध्यम आंच पर तलें, ताकि वे अंदर तक पकें और बाहर से कुरकुरे बनें।
4-ज्यादा कुरकुरापन पाने के लिए बेसन में थोड़ा चावल का आटा मिला सकते हैं।
5-पकौड़ों को तलने के बाद ज्यादा देर तक ढककर न रखें, वरना उनकी कुरकुराहट कम हो सकती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

