घर में बना राजमा अगर ढाबे जैसा गाढ़ा, खुशबूदार और स्वाद से भरपूर बनाना है, तो सिर्फ मसालों का तड़का ही काफी नहीं होता। असली स्वाद राजमा को सही तरीके से उबालने में छिपा होता है। कई लोग राजमा पकाते समय केवल नमक और हल्दी डालते हैं, लेकिन अगर उबालते वक्त कुछ खास खड़े मसाले मिला दिए जाएं, तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। यही छोटे-छोटे किचन टिप्स साधारण राजमा को रेस्टोरेंट स्टाइल बना देते हैं।

खास बात यह है कि ये मसाले सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाते, बल्कि राजमा को आसानी से पचने योग्य भी बनाते हैं। आइए जानते हैं वो 3 खड़े मसाले, जिन्हें राजमा उबालते समय क्यों जरूर से डालना चाहिए।

तेज पत्ता

राजमा उबालते समय 1 या 2 तेज पत्ते डालने से इसमें हल्की स्मोकी और मिट्टी जैसी खुशबू आती है। यही खुशबू ढाबों और रेस्टोरेंट के राजमा में महसूस होती है। तेज पत्ता राजमा के भारीपन को भी कम करता है और ग्रेवी के स्वाद को गहराई देता है।जब राजमा लंबे समय तक पकता है, तो तेज पत्ता अपना फ्लेवर धीरे-धीरे छोड़ता है, जिससे पूरी डिश का स्वाद संतुलित और रिच बन जाता है।

बड़ी इलायची

अगर आप चाहती हैं कि राजमा में होटल जैसा गाढ़ा और खुशबूदार स्वाद आए, तो उबालते समय 1 बड़ी इलायची जरूर डालें। बड़ी इलायची की हल्की स्मोकी खुशबू राजमा की ग्रेवी को बेहद खास बना देती है।यह मसाला खासतौर पर पंजाबी स्टाइल राजमा में इस्तेमाल किया जाता है। इससे ग्रेवी में गहराई आती है और खाने के बाद भी स्वाद लंबे समय तक याद रहता है।

लौंग

राजमा उबालते समय 2 से 3 लौंग डालने से इसका स्वाद हल्का मसालेदार और गर्माहट भरा बनता है। लौंग की खुशबू राजमा के प्राकृतिक स्वाद को और उभारती है।
इसके अलावा लौंग पाचन के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। क्योंकि राजमा कई लोगों को भारी लग सकता है, ऐसे में लौंग गैस और अपच की समस्या को कम करने में मदद करती है।

राजमा उबालते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

1-राजमा को कम से कम 7 से 8 घंटे या रातभर भिगोकर रखें।
2-उबालते समय पानी पर्याप्त मात्रा में डालें ताकि राजमा अच्छे से गल जाए।
3-कुकर में धीमी आंच पर राजमा पकाने से उसका स्वाद ज्यादा बेहतर आता है।
4-उबले हुए मसालों को बाद में ग्रेवी में भी इस्तेमाल किया जा सकता है, इससे स्वाद और बढ़ जाता है।

क्यों खास है ये तरीका?

ढाबों और पंजाबी रेस्टोरेंट्स में राजमा को सिर्फ टमाटर-प्याज के मसालों से नहीं, बल्कि खड़े मसालों की धीमी खुशबू से खास बनाया जाता है। यही वजह है कि वहां का राजमा ज्यादा रिच, गाढ़ा और खुशबूदार लगता है।
अगर आप भी घर पर वही स्वाद पाना चाहती हैं, तो अगली बार राजमा उबालते समय तेज पत्ता, बड़ी इलायची और लौंग डालना बिल्कुल न भूलें। यह छोटा सा बदलाव आपके साधारण राजमा को शानदार ढाबा स्टाइल स्वाद दे सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m