Lifestyle Desk: बरसात का मौसम आते ही खाने-पीने में कुछ खट्टा, चटपटा और मसालेदार खाने की इच्छा बढ़ जाती है। ऐसे में अगर आप भी रोजमर्रा की सब्जियों से कुछ अलग और देसी स्वाद का मजा लेना चाहते हैं, तो मिर्च-करौंदा की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। करौंदे का खट्टापन और हरी मिर्च का तीखापन इस सब्जी को खास स्वाद देते हैं। यही वजह है कि ग्रामीण इलाकों में इसे सब्जी के साथ-साथ चटनी के तौर पर भी खूब पसंद किया जाता है।

खास बात यह है कि इस देसी सब्जी को तैयार करने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और अगर इसे सही तरीके से स्टोर किया जाए तो 2 से 3 दिन तक इसका स्वाद लिया जा सकता है। तो आइए जानते हैं बरसात के मौसम के लिए मिर्च-करौंदा की इस आसान और स्वादिष्ट देसी रेसिपी को बनाने का तरीका।

सामग्री

  • करौंदे – 200 ग्राम
  • हरी मिर्च – 8–10
  • सरसों का तेल – 2 बड़े चम्मच
  • जीरा – ½ छोटा चम्मच
  • अजवाइन – ¼ छोटा चम्मच
  • सौंफ – ½ छोटा चम्मच
  • हल्दी – ½ छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
  • कश्मीरी लाल मिर्च – ½ छोटा चम्मच
  • गरम मसाला – ½ छोटा चम्मच
  • कसूरी मेथी – ½ छोटा चम्मच
  • सूखा पुदीना – ½ छोटा चम्मच
  • नमक – स्वादानुसार

विधि

1-करौंदों को धोकर दो टुकड़ों में काट लें और बीज जरूरत के अनुसार निकाल दें। हरी मिर्च भी काट लें।
2-कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें जीरा, अजवाइन और सौंफ डालकर चटकने दें।अब करौंदे और हरी मिर्च डालकर 2–3 मिनट भूनें।
3-हल्दी, धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
4-कड़ाही को ढककर करीब 7–8 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि करौंदे अच्छी तरह नरम हो जाएं।
5-गैस बंद करने से पहले कसूरी मेथी और सूखा पुदीना डालकर मिला दें।गरमा-गरम मिर्च-करौंदे की सब्जी को रोटी, पूरी या पराठे के साथ परोसें। इसे चटनी की तरह भी खाया जा सकता है।
6-इसे पूरी तरह ठंडा करके साफ, सूखे और एयरटाइट डिब्बे में फ्रिज में रखें। सही तरीके से रखने पर यह लगभग 2–3 दिनतक इस्तेमाल की जा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m