Lifestyle Desk: भारतीय घरों में कढ़ी-पकौड़ा एक पसंदीदा डिश है, जिसे लंच से लेकर डिनर तक बड़े चाव से खाया जाता है। आमतौर पर बेसन के पकौड़ों और दही से तैयार होने वाली कढ़ी का स्वाद तो आपने कई बार चखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी सहजन के पत्तों से बनी कढ़ी-पकौड़ा ट्राई की है ? अगर नहीं, तो इस बार अपनी रसोई में कुछ नया जरूर बनाएं। सहजन के पत्तों से तैयार यह चटपटी कढ़ी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि रोजाना के खाने में एक नया जायका भी जोड़ती है। इसे बनाना आसान है और लंच के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
सामग्री
- खट्टा दही-1 कप
- बेसन-4 बड़े चम्मच
- पानी -2 कप
- ताजे सहजन के पत्ते-आधा कप
- हल्दी पाउडर-आधा छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर-आधा छोटा चम्मच
- नमक -स्वादानुसार
- बेसन-1 कप
- हरी मिर्च-1 बारीक कटी
- अजवाइन-एक चुटकी
- पकौड़े तलने के लिए तेल
तड़के के लिए
- राई या जीरा-1 छोटा चम्मच
- हींग-एक चुटकी
- करी पत्ते-5-6
- सूखी लाल मिर्च-2
- तेल-1-2 बड़े चम्मच
विधि
1-सबसे पहले सहजन के पत्तों को अच्छी तरह साफ करके धो लें और बारीक काट लें। अब एक बर्तन में बेसन डालें। इसमें कटे हुए सहजन के पत्ते, हरी मिर्च, अजवाइन और नमक मिलाएं।
2-थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें। कड़ाही में तेल गर्म करें और घोल से छोटे-छोटे पकौड़े डालकर मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तल लें। इन्हें एक प्लेट में निकालकर रख दें।
3-अब एक बड़े बर्तन में दही और बेसन डालकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि गांठें न रहें। इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और पानी मिलाएं।
4-मिश्रण को चिकना होने तक चलाएं। ध्यान रखें कि दही और बेसन अच्छी तरह मिल जाएं, वरना कढ़ी में गांठें पड़ सकती हैं।
5-एक गहरे बर्तन में तैयार मिश्रण डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। लगातार चलाते हुए इसे उबाल आने तक पकाएं। इसके बाद आंच धीमी कर दें और कढ़ी को लगभग 20-25 मिनट तक पकने दें।
6-बीच-बीच में चलाते रहें। अब इसमें बचे हुए साफ किए हुए सहजन के पत्ते डालें और कुछ मिनट तक पकाएं, ताकि पत्ते नरम हो जाएं और उनका स्वाद कढ़ी में अच्छी तरह मिल जाए।
7-एक छोटे पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई या जीरा, हींग, करी पत्ते और सूखी लाल मिर्च डालकर चटकने दें। तैयार तड़के को कढ़ी में डाल दें।
8-अब इसमें तले हुए पकौड़े डालकर धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं, ताकि पकौड़े कढ़ी का स्वाद अच्छी तरह सोख लें।आपकी स्वादिष्ट सहजन के पत्तों वाली कढ़ी-पकौड़ा तैयार है। इसे हरे धनिये से सजाकर गरमा-गरम चावल, जीरा राइस या रोटी के साथ परोसें। अगर आपको थोड़ा ज्यादा चटपटा स्वाद पसंद है, तो तड़के में हरी मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं।
खास टिप
कढ़ी बनाने के लिए थोड़ा खट्टा दही इस्तेमाल करें और पकौड़ों को बहुत ज्यादा बड़ा न बनाएं। इससे कढ़ी का स्वाद अच्छा आएगा और पकौड़े भी आसानी से पकेंगे। सहजन के पत्तों को इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह साफ करना न भूलें।इस आसान रेसिपी को अपनाकर आप रोजाना के लंच को खास बना सकते हैं। अगर आप पारंपरिक कढ़ी-पकौड़े के स्वाद में कुछ नया आजमाना चाहते हैं, तो सहजन के पत्तों वाली यह रेसिपी जरूर ट्राई करें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

