Lifestyle Desk: रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के प्यार और सुरक्षा के रिश्ते का त्योहार नहीं, बल्कि मिठास बांटने का भी खास मौका है। हालांकि, फिटनेस और हेल्थ को लेकर सजग रहने वाले लोग अक्सर मावा और चीनी से बनी मिठाइयों से दूरी बनाते हैं। अगर आपका भाई भी जिम और वर्कआउट को लेकर काफी सीरियस है, तो इस बार उसे पारंपरिक मिठाई की जगह कुछ हेल्दी और प्रोटीन से भरपूर खिलाया जा सकता है। आप घर पर आसानी से पीनट बटर प्रोटीन लड्डू बनाकर रक्षाबंधन की मिठास को हेल्दी ट्विस्ट दे सकती हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान सी रेसिपी।
सामग्री
- पीनट बटर-1 कप
- ओट्स पाउडर-1 कप भुना हुआ
- मूंगफली-½ कप भुनी हुई दरदरी कुटी हुई
- प्रोटीन पाउडर -2–3 बड़े चम्मच (वेनिला या चॉकलेट फ्लेवर)
- शहद या डेट्स पेस्ट-2 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर-1 छोटा चम्मच
- दूध-1–2 बड़े चम्मच जरूरत के अनुसार
- नारियल का बुरादा -1–2 बड़े चम्मच
- सजाने के लिए थोड़ी कटी हुई मूंगफली या नारियल
विधि
- 1-सबसे पहले ओट्स को हल्का भूनकर ठंडा करें और मिक्सर में पीसकर पाउडर बना लें।
- 2-एक बड़े बाउल में ओट्स पाउडर, प्रोटीन पाउडर, कुटी हुई मूंगफली और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- 3-अब इसमें पीनट बटर और शहद या डेट्स पेस्ट डालें।सभी चीजों को हाथ या चम्मच से अच्छी तरह मिलाकर नरम मिश्रण तैयार करें। अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लगे तो थोड़ा-थोड़ा दूध डालें।
- 4-मिश्रण को 10–15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि लड्डू आसानी से बन सकें।हाथों पर हल्का सा घी या पीनट बटर लगाकर मिश्रण की छोटी-छोटी गोलियां बनाएं।
- 5-लड्डुओं को कटी मूंगफली या नारियल में रोल करके सजाएं।तैयार लड्डुओं को एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में रखें।
टिप
चीनी की जगह डेट्स पेस्ट या थोड़े शहद का इस्तेमाल करने से यह फिटनेस-कॉन्शस लोगों के लिए बेहतर विकल्प बन सकता है। ध्यान रखें कि पीनट बटर और प्रोटीन पाउडर की कैलोरी काफी अलग-अलग हो सकती हैं, इसलिए मात्रा अपने डाइट प्लान के अनुसार रखें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


