Lifestyle Desk: सर्दियों के मौसम में हरी मेथी का स्वाद खाने का जायका बढ़ा देता है। इस मौसम में मेथी के पराठे और रोटी लगभग हर घर में बनाए जाते हैं। अगर आप भी रोजाना की रोटी और पराठे से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो इस बार बाजरा-मेथी मिस्सी रोटी बना सकते हैं। बाजरे के आटे, गेहूं के आटे और ताजी मेथी से तैयार होने वाली यह रोटी स्वाद के साथ खाने में भी काफी अच्छी लगती है।
इस रोटी की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ मेथी और मसाले ही नहीं, बल्कि दही और पनीर भी मिलाया जाता है। इससे रोटी की बनावट अच्छी रहती है और वह खाने में नरम लगती है। वहीं, लहसुन, हरी मिर्च और हरा धनिया इसके स्वाद और खुशबू को और बढ़ा देते हैं।तो आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
सामग्री
- बाजरे का आटा-1 कप
- गेहूं का आटा-1 कप
- ताजी मेथी की पत्तियां- 1 कप बारीक कटी हुई
- पनीर-आधा कप कद्दूकस किया हुआ
- दही-2 बड़े चम्मच
- लहसुन की कलियां -4-5 बारीक कटी हुई
- हरी मिर्च बारीक कटी हुई)
- हरा धनिया-2 बड़े चम्मच
- अजवाइन-आधा छोटा चम्मच
- जीरा-आधा छोटा चम्मच
- नमक-स्वादानुसार
- पानी-जरूरत के अनुसार
- रोटी सेंकने के लिए घी या तेल
विधि
1-सबसे पहले एक बड़ी परात या बाउल में बाजरे का आटा और गेहूं का आटा डालें। अब इसमें बारीक कटी हुई मेथी की पत्तियां, कद्दूकस किया हुआ पनीर और दही मिला दें।
2-इसके बाद बारीक कटा लहसुन, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। अब इसमें अजवाइन, जीरा और स्वादानुसार नमक मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
3-अब सभी सामग्री को हाथों से अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ज्यादा गीला।
4-बाजरे के आटे में गेहूं का आटा और दही मिलाने से आटे को बांधने में मदद मिलती है। आटा तैयार होने के बाद इसे करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।
5-अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। इन्हें सूखे गेहूं के आटे की मदद से बेल लें। अगर रोटी बेलते समय किनारों से टूट रही हो, तो हाथों से हल्का दबाकर उसे ठीक कर सकते हैं। आप चाहें तो इसे हाथों से थपथपाकर भी रोटी का आकार दे सकते हैं।
6-अब गैस पर तवा गर्म करें और उस पर तैयार रोटी डाल दें। मध्यम आंच पर इसे एक तरफ से हल्का सिकने दें। फिर पलटकर दूसरी तरफ भी सेंकें। दोनों तरफ थोड़ा घी या तेल लगाकर रोटी को अच्छी तरह सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। इसी तरह बाकी आटे से भी रोटियां तैयार कर लें।
इन चीजों के साथ करें सर्व
गरमागरम बाजरा-मेथी मिस्सी रोटी को तवे से उतारकर तुरंत परोसें। इसके साथ सफेद मक्खन, घर का बना दही, लहसुन की चटनी या हरी धनिया की चटनी काफी अच्छी लगती है। आप इसे आलू-गोभी, मिक्स वेज या किसी भी मौसमी सब्जी के साथ भी खा सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

