NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। द प्रिंट के लिए पत्रकार करण थापर को दिए एक इंटरव्यू में अभिनेता ने कहा कि उन्हें छात्रों के आंदोलन को लेकर सरकार के रवैये पर कोई हैरानी नहीं है।
‘मोदी को गंभीरता से लेना मुश्किल’
जब नसीरुद्दीन शाह से पूछा गया कि क्या वो प्रधानमंत्री मोदी को ‘धोखेबाज’ मानते हैं, तो उन्होंने कहा, ‘वे धोखेबाज जैसे ही हैं, लेकिन मुझे उनकी किसी भी बात को गंभीरता से लेना मुश्किल लगता है। खुद अनपढ़ होने के कारण, उन्हें छात्रों और पढ़ाई की अहमियत का अंदाजा नहीं है। वे परीक्षाओं के बारे में सीख देते हैं। जिस व्यक्ति ने शायद खुद कभी कोई परीक्षा नहीं दी, वह छात्रों को सिखाता है कि परीक्षा कैसे दी जाए।
वे अपने जैसे ही किसी व्यक्ति से एक साफ तौर पर फर्जी डिग्री दिखाते हैं और उसी का सहारा लेते हैं। उन्होंने कभी इस बारे में साफ-साफ कुछ नहीं कहा। उन्होंने कभी अपनी शादीशुदा जिंदगी, अपने माता-पिता, अपने भाई-बहनों या अपनी जिंदगी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने बस झूठ ही बोला है।’
‘वो हमें पेट्रोल बचाने, विदेश नहीं घूमने कहते हैं और खुद…’
हाल ही ‘मैं वापस आऊंगा’ में नजर आए एक्टर ने कहा, ‘हिंदी फिल्मों में ऐसा होता है। आप जानते हैं कि कैसे एक्टर्स के नकली आंसू लोगों को सच में भावुक कर देते हैं। रोते समय वे जो भयानक एक्टिंग करते हैं और वह भी सिर्फ अपने लिए। वे कभी पुलवामा में मारे गए जवानों या पहलगाम में मरे पर्यटकों के लिए नहीं रोए। मुझे बिल्कुल भी हैरानी नहीं है कि उन्होंने इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा। उन्होंने किस मुद्दे पर बात की है? वे हमें पेट्रोल बचाने के लिए कहते हैं और खुद 10 SUV के काफिले में घूमते हैं। वे हमें विदेश यात्रा न करने के लिए कहते हैं और अगली ही रात छह देशों के दौरे पर निकल जाते हैं, जहां वे कोई फर्जी मेडल लेते हैं। सोना मत खरीदो। पैसे बचाओ। यह सब उनके लिए नहीं है। वे तो दिव्य हैं।’
छात्र आंदोलन का किया समर्थन
अभिनेता ने देशभर में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि छात्रों का विरोध किसी राजनीतिक फायदे के लिए नहीं, बल्कि उनके भविष्य और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा हुआ है। नसीरुद्दीन शाह ने छात्रों के जज्बे की तारीफ करते हुए कहा कि उनका गुस्सा जायज है और उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर भी नसीरुद्दीन शाह ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को सुना जाना चाहिए।
‘सरकार बहरी, गूंगी और अंधी’
नसीरुद्दीन शाह ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को भी जायज बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों और उनके गुस्से को नजरअंदाज करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। अभिनेता ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे ‘बहरी, गूंगी और अंधी’ तक करार दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


