छात्र संवाद मुख्यमंत्री के साथ’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद, बस पास, वेटिंग लिस्ट, कोचिंग छात्रवृत्ति और जीएसटी जैसे मुद्दों पर भी सरकार ने सकारात्मक रुख दिखाया
कृष्णकुमार सैनी, सोनीपत। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) का वार्षिक भर्ती कैलेंडर जल्द जारी किया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को आवेदन, परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति की संभावित समय-सीमा पहले से पता चल सकेगी और वे अपनी तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे।
सोनीपत में आयोजित “छात्र संवाद मुख्यमंत्री के साथ” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और अभ्यर्थी हितैषी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) का वार्षिक कैलेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है और अब HSSC का भर्ती कैलेंडर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित कैलेंडर बनाया जा रहा है।
संवाद के दौरान छात्रों ने सीईटी, भर्ती परीक्षाओं के पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बस पास, कोचिंग फीस पर जीएसटी समाप्त करने, ऑनलाइन परीक्षाओं में तकनीकी खामियों, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए कोचिंग छात्रवृत्ति और सरकारी भर्तियों में समयबद्ध वेटिंग लिस्ट जैसे मुद्दे उठाए। मुख्यमंत्री ने इन सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
पेपर लीक के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनती युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार ने इसके खिलाफ सख्त कानून बनाए हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे बड़े सपने देखें और पूरी निष्ठा के साथ तैयारी करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ‘बिना पर्ची, बिना खर्ची’ की भर्ती व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि हर योग्य युवा को उसकी प्रतिभा के आधार पर अवसर मिल सके।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मिशन बुनियाद, सुपर-100, पीएम श्री विद्यालय, बेटियों के लिए स्नातकोत्तर तक शिक्षा और प्रत्येक 20 किलोमीटर पर सरकारी महाविद्यालय जैसी पहलें युवाओं के भविष्य को मजबूत कर रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल युवाओं को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था स्थापित की गई है और पेपर लीक जैसे मामलों पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में ‘पर्ची सिस्टम’ की जगह ‘लाइब्रेरी सिस्टम’ को बढ़ावा दिया गया है। सरकार गांव-गांव में लाइब्रेरी स्थापित कर युवाओं को बेहतर अध्ययन का माहौल उपलब्ध करा रही है, ताकि वे अपनी मेहनत के दम पर रोजगार हासिल कर सकें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


