गुरुग्राम। सेक्टर-29 स्थित सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन पर एक महिला कैब ड्राइवर के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि चार्जिंग स्टेशन पर मौजूद एक अन्य ड्राइवर ने मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक सामग्री चलाकर उसकी स्क्रीन जानबूझकर उसकी ओर कर दी। महिला ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
महिला के मुताबिक वह दिल्ली-एनसीआर में कैब चलाती है। रात के समय वह अपनी इलेक्ट्रिक कार को चार्ज करने के लिए सेक्टर-29 के सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन पहुंची थी। कार चार्जिंग पर लगाने के बाद वह वाहन के अंदर बैठी थी। इसी दौरान पास में अपनी कैब चार्ज कर रहा एक अन्य ड्राइवर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था।
महिला का आरोप है कि कुछ देर बाद उक्त व्यक्ति ने जानबूझकर मोबाइल की स्क्रीन उसकी ओर कर दी और उसकी तरफ देखने लगा। महिला ने जब इस हरकत का विरोध किया और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो आरोपी ने फोन नीचे कर लिया।
इसके बाद महिला ने मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। महिला के अनुसार, उसने संबंधित ड्राइवर से भी आपत्ति जताई और पुलिस को शिकायत करने की बात कही। मामला बढ़ता देख आरोपी वहां से जाने की कोशिश करने लगा। महिला ने उसकी गाड़ी की चाबी निकाल ली, जिसके बाद सुरक्षा कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
महिला ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सुरक्षा टीम को वाहन की चाबी सौंपे जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना के समय पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई थी।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में कौन-कौन से कानूनी प्रावधान लागू होते हैं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सार्वजनिक EV चार्जिंग स्टेशन पर महिलाओं की सुरक्षा और वहां मौजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


