कुलदीप सिंह, फतेहपुर. किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में मंगलवार को हुए छात्र प्रदर्शन के बाद से हाईस्कूल की एक छात्रा के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार अपनी बेटी की तलाश कर रहे हैं. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- कागजों में कानून का राज! संदिग्ध अवस्था में मिली हिस्ट्रीशीटर की लाश, सिर पर चोट के निशान, मिस्ट्री सुलझाने में जुटी खाकी

​बता दें कि सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने परिसर में पानी, बिजली और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था. इसी प्रदर्शन और हंगामे के बीच हाईस्कूल की छात्रा पारुल यादव अचानक लापता हो गई. ​जब देर शाम तक छात्रा घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. कहीं कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.

परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर किशनपुर थाना पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस छात्रा को ढूंढने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि छात्रा का लापता होना कॉलेज के प्रदर्शन से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.

इसे भी पढ़ें- टपकते टेंट, पानी-बिजली की कमी… PAC जवानों की हालत पर चंद्रशेखर आजाद का योगी सरकार पर बड़ा हमला

इस संबंध में एडिशनल एसपी, ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. छात्रा की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है. मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है.