चित्तरंजन। चित्तरंजन रेलनगरी के स्ट्रीट नंबर-11 स्थित क्वार्टर नंबर 11बी में सोमवार को नरकंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लंबे समय से बंद पड़े रेलवे क्वार्टर के अंदर पूजा स्थल के समीप से मानव कंकाल बरामद किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

59 वर्षीय चिरेका कर्मी से जुड़ रही पहचान

प्रारंभिक जांच में बरामद नरकंकाल की पहचान करीब 59 वर्षीय चिरेका कर्मी प्रकाश चंद्र राउत राय के रूप में किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच समेत वैज्ञानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

2021 से लापता थे प्रकाश चंद्र

जानकारी के अनुसार, प्रकाश चंद्र राउत राय इस रेलवे क्वार्टर में अकेले रहते थे और वर्ष 2021 से लापता बताए जा रहे थे। उनके लापता होने को लेकर वर्ष 2023 में गुमशुदगी की डायरी भी दर्ज कराई गई थी।

वर्षों बाद उसी क्वार्टर में मिला कंकाल

सबसे अहम बात यह है कि जिस क्वार्टर में प्रकाश चंद्र अकेले रहते थे, उसी के भीतर वर्षों बाद मानव कंकाल बरामद हुआ है। इससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर इतने वर्षों तक क्वार्टर बंद रहने के बावजूद वहां किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी और व्यक्ति के साथ क्या हुआ, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ कंकाल की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीएनए रिपोर्ट और पोस्टमार्टम समेत वैज्ञानिक जांच के बाद ही मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।