गुलशन राव, नांगल चौधरी। हरियाणा के नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव ढाणी ठाकरान में पत्नी और बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12 बजे आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजहों और पारिवारिक परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

