कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में रील देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि मामला इतना बढ़ा कि पति ने पत्नी पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच यह विवाद भगवान श्रीराम और महाकाल की रील देखने को लेकर हुआ था। जिसके बाद पति ने मंदिर में रखी तलवार से पत्नी के सिर, गर्दन, कलाई और घुटने पर वार कर दिए। जान बचाने के लिए घायल महिला पड़ोसी के घर में घुस गई। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल, मामला ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमील का है। पुलिस के मुताबिक, 36 वर्षीय रीतू उर्फ रेवती तोमर अपनी बच्ची के साथ कमरे में मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रही थी। इसी दौरान उसका 38 वर्षीय पति करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर वहां पहुंचा और श्रीराम की जगह महाकाल के वीडियो देखने को कहने लगा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
विवाद के दौरान पति ने तलाक देने की बात भी कही। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर करनवीर मंदिर में रखी तलवार उठा लाया और पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। तलवार के वार से रीतू के सिर और कलाई पर गंभीर चोट आई। जान बचाने के लिए वह घर से बाहर भागी, लेकिन आरोपी ने पीछे से उसकी गर्दन और घुटने पर भी वार कर दिए।
लहूलुहान हालत में रीतू किसी तरह पड़ोसी के घर में घुस गई और खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों और परिजनों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रॉमा सेंटर में उसका इलाज जारी है।
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के अनुसार, पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

