शुभम जायसवाल, राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र से दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गुराड़खेड़ा ग्राम में एक पति ने अंधविश्वास की सारी हदें पार करते हुए बाबा रामपाल को न मानने पर अपनी ही पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ 11 वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बाबा रामपाल को मानने का बना रहा था दबाव

मृतका के पिता ने दामाद पर बेहद सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि आरोपी पति अक्सर घर से बाहर रहता था और वह अपनी पत्नी पर पूजा-पाठ न करने और केवल “बाबा रामपाल” को ही सब कुछ मानने का दबाव बनाता था। मृतका द्वारा इस बात का विरोध करने पर आरोपी उससे आए दिन मारपीट करता था और इसी विवाद के चलते उसने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।

मौत से पहले बेटी ने पिता को फोन कर दी थी अनहोनी की आशंका

वारदात से पहले मृतका ने अपने पिता को फोन करके घबराई हुई हालत में कहा था- “पापा, आप जल्दी आ जाओ, पति मुझे मार देगा।” लेकिन जब तक परिजन उसके मदद के लिए पहुंच पाते, आरोपी ने खौफनाक कदम उठाते हुए पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।

मासूम बच्चे ने बताई आपबीती

मौके पर मौजूद मृतका के मासूम बच्चे ने अपनी आंखों से इस खौफनाक मंजर को देखा और पुलिस व परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई कि कैसे उसके पिता ने बेरहमी से माँ पर कुल्हाड़ी से वार किए।

पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m