अजयारविंद नामदेव, शहडोल/अनूपपुर। पांच साल पहले प्यार हुआ, फिर प्रेम विवाह और साथ जीने-मरने की कसमें, लेकिन इसी रिश्ते का अंत इतना खौफनाक होगा, किसी ने सोचा भी नहीं था। अनूपपुर के कोतमा में चरित्र शंका ने पति को ऐसा हैवान बना दिया कि उसने अपनी 23 साल की पत्नी को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी रात भर पत्नी की लाश के साथ सोता रहा और सुबह सबूत मिटाने के लिए घर की लिपाई करने लगा।
मामला अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेउसा के टीकई टोला का है। यहां रहने वाले सुदामा आगरिया और चंदा कोल ने करीब पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस के मुताबिक, पत्नी के बार-बार मायके जाने और उसके चरित्र पर संदेह को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि बुधवार रात सुदामा शराब के नशे में घर पहुंचा, जहां चंदा के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि उसने लाठी-डंडों से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
बेरहमी से की गई पिटाई में चंदा की मौत हो गई। आरोप है कि पत्नी की मौत के बाद भी सुदामा रातभर उसके शव के पास रहा। सुबह होते ही उसने शव को दूसरे कमरे में पहुंचा दिया। इसके बाद घर की गोबर से लिपाई कर वारदात के निशान छिपाने की कोशिश की। इधर, ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतमा पुलिस ने जांच शुरू की और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया,प्रेम के रिश्ते से शुरू हुई कहानी का अंत हत्या के आरोप तक पहुंच गया।
वही इस मामले में कोतमा थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि पति चरित्र संदेह के चलते पत्नी की लाठी से हमला कर हत्या कर दिया था, जिसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

