यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई; पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मामले की जांच कर रही है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। रात तक घर में सब कुछ सामान्य था। पति-पत्नी के बीच कहासुनी जरूर हुई, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि सुबह होते-होते वही घर मातम में बदल जाएगा। देर रात तक चली बहस के बाद पत्नी बच्चों को लेकर कमरे में सोने चली गई, जबकि पति आंगन में ही लेट गया। लेकिन सुबह जब पत्नी की आंख खुली तो सामने का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई।

घर के आंगन में पति बेसुध पड़ा था। पहले उसे उठाने की कोशिश की गई, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं थी। देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। परिवार के हंसते-खेलते माहौल में अचानक पसरे सन्नाटे ने पूरे इलाके को हिला दिया।

सनसनीखेज मामला यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र का है। मृतक की पहचान बलाचौर की टपरियां निवासी 27 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सूरज की शादी वर्ष 2022 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पत्नी ने पुलिस को बताया कि रात को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह बच्चों को लेकर कमरे में सो गई, जबकि सूरज घर के आंगन में ही सो गया था।

सुबह जब पत्नी बाहर आई तो सूरज मृत अवस्था में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि उसके शरीर पर कुछ निशान भी मिले हैं, जिसके बाद मामला और ज्यादा संदिग्ध बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हत्या का है, आत्महत्या का या फिर मौत के पीछे कोई और वजह है।

इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। वहीं एक युवा की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।