Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में तहलका मचाने आ रही हुंडई मोटर्स की नई कॉम्पैक्ट SUV ‘बेयोन’ (Bayon) का इंतजार अब खत्म होने की कगार पर है। आगामी 26 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर पेश की जाने वाली इस कार की तस्वीरें आधिकारिक लॉन्च से ठीक पहले इंटरनेट पर वायरल हो गई हैं। सामने आई तस्वीरों से गाड़ी के एक्सटीरियर डिजाइन और लग्जरी केबिन से जुड़ी कई अहम जानकारियां उजागर हुई हैं। अगर आप भी इस नई SUV को घर लाने की सोच रहे हैं, तो कंपनी ने 11,000 रुपये के टोकन अमाउंट के साथ इसकी प्री-बुकिंग पहले से ही शुरू कर दी है।
कैसा है हुंडई बेयोन का नया लुक?
लीक हुई तस्वीरों को देखें तो हुंडई बेयोन का डिजाइन काफी अग्रेसिव और स्पॉटी नजर आता है। कार पर दी गई तीखी क्रीज लाइन्स, मस्कुलर बॉडी और ऑल-अराउंड ब्लैक क्लैडिंग इसे एक प्रॉपर SUV का एटीट्यूड देती हैं। इसके फ्रंट प्रोफाइल में सबसे बड़ा आकर्षण पतली H-शेप वाली LED DRLs (डे-टाइम रनिंग लाइट्स) हैं, जिनके ठीक नीचे मुख्य हेडलैंप क्लस्टर फिट किया गया है। चौड़ी फ्रंट ग्रिल और बंपर पर लगा सिल्वर स्किड प्लेट इसके लुक को और भी ज्यादा स्पॉटी बनाते हैं।
करीब 4.2 मीटर लंबी इस SUV की पोजिशनिंग भारतीय बाजार में काफी दिलचस्प रहने वाली है। हुंडई अपनी इस नई पेशकश को वेन्यू (Venue) से ऊपर और क्रेटा (Creta) से नीचे के सेगमेंट में उतारेगी। साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें ज्योमेट्रिक कट वाले प्रीमियम अलॉय व्हील्स, फ्लेयर्ड व्हील आर्चेस और रूफ रेल्स दी गई हैं। वहीं रियर प्रोफाइल में हॉरिजॉन्टल और वर्टिकल कॉम्बिनेशन वाली टेललाइट्स, रूफ स्पॉइलर, शार्क-फिन एंटीना और पार्किंग सेंसर्स साफ देखे जा सकते हैं।

हाई-टेक केबिन और फीचर्स की भरमार
लीक हुई तस्वीरों ने हुंडई बेयोन के इंटीरियर की भी झलक दिखाई है। कार के केबिन में डुअल-टोन थीम का इस्तेमाल किया गया है। डैशबोर्ड पर एक बड़ा कर्व्ड डिस्प्ले पैनल मिलता है, जिसमें दो 12.3-इंच की बड़ी स्क्रीन्स लगी हैं। इनमें से एक स्क्रीन पूरी तरह से डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले (इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर) का काम करती है, जबकि दूसरी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए है।
सुविधा के लिए इंफोटेनमेंट स्क्रीन के ठीक नीचे मीडिया और नेविगेशन से जुड़े फिजिकल बटन भी मौजूद हैं। इसके अलावा क्लाइमेट कंट्रोल के लिए एक अलग डेडिकेटेड कंसोल दिया गया है। केबिन में फास्ट चार्जिंग के लिए दो USB-C पोर्ट्स और अच्छा स्टोरेज स्पेस देखने को मिलता है। तस्वीरों में कार के साथ IVT ऑटोमैटिक गियर सेलेक्टर नजर आया है, जो इसके ऑटोमैटिक वेरिएंट की पुष्टि करता है।
जनरेटिव AI वॉयस असिस्टेंट और आधुनिक कनेक्टिविटी
टेक्नोलॉजी के मामले में हुंडई बेयोन काफी आगे दिखती है। कंपनी ने इसमें Perplexity और SoundHound AI के इंटीग्रेशन से तैयार जनरेटिव AI वॉयस असिस्टेंट देने का फैसला किया है। यह फीचर कार सवार यात्रियों के साथ नैचुरल भाषा में बात करने और उनके निर्देशों को आसानी से समझने में सक्षम है। कार में करीब 500 से ज्यादा वॉयस कमांड्स का ऑफलाइन सपोर्ट दिया गया है, जो बिना इंटरनेट कनेक्टिविटी के भी काम करेंगे। इसमें खास तौर पर हिंदी और हिंग्लिश भाषाओं का सपोर्ट जोड़ा गया है।
गाड़ी में NVIDIA की एडवांस टेक्नोलॉजी पर आधारित ccNC (कनेक्टेड कार नेविगेशन कॉकपिट) सिस्टम दिया गया है। इसके जरिए यूज़र्स को 70 से ज्यादा ब्लूलिंक (Bluelink) कनेक्टेड कार फीचर्स का फायदा मिलेगा। कार के 19 अलग-अलग कंट्रोल यूनिट्स को ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स के जरिए हमेशा अप-टू-डेट रखा जा सकेगा।
इंजन, गियरबॉक्स और परफॉर्मेंस
इंजन स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो हुंडई बेयोन में 1.5-लीटर का 4-सिलेंडर MPi पेट्रोल इंजन दिया जा रहा है। यह इंजन 115 hp की अधिकतम पावर और 144 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। ग्राहकों को इसमें गियरबॉक्स के दो विकल्प मिलेंगे—एक 6-स्पीड मैनुअल और दूसरा IVT (इंटेलिजेंट वैरिएबल ट्रांसमिशन) ऑटोमैटिक गियरबॉक्स। कार की कीमतों और वेरिएंट-वाइज फीचर्स का सटीक खुलासा 26 अक्टूबर को लॉन्च इवेंट के दौरान ही किया जाएगा।

