Automobile Desk – Hyundai Bayon vs Maruti Victoris : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इन दिनों SUV सेगमेंट की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है। इसी होड़ को ध्यान में रखते हुए हुंडई (Hyundai) ने अपनी नई SUV बेयॉन (Bayon) को घरेलू बाजार में उतार दिया है। कंपनी ने इसे वेन्यू और क्रेटा के बीच के सेगमेंट में जगह दी है। भारतीय सड़कों पर बेयॉन का सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी की विक्टोरिस (Maruti Suzuki Victoris) से होना तय माना जा रहा है। अगर आप भी नई गाड़ी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आइए दोनों गाड़ियों के फीचर्स, इंजन और कीमत की तुलना से समझें कि आपके लिए कौन सा विकल्प सही रहेगा।

कीमत का गणित: जेब पर कौन सी पड़ेगी हल्की?

हुंडई ने अपनी नई SUV बेयॉन की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये तय की है, जो टॉप वेरिएंट के लिए 17.99 लाख रुपये तक जाती है। वहीं दूसरी तरफ, मारुति सुजुकी विक्टोरिस कुल 21 अलग-अलग वेरिएंट्स के विकल्प के साथ बाजार में मौजूद है। विक्टोरिस की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये है, जो इसके टॉप मॉडल में 19.98 लाख रुपये तक पहुंच जाती है।

अगर दोनों कारों के बेस वेरिएंट की तुलना करें, तो हुंडई बेयॉन अपने शुरुआती मॉडल में मारुति विक्टोरिस के मुकाबले सीधे 50,000 रुपये सस्ती पड़ती है।

डायमेंशन और बूट स्पेस: किसमें मिलेगा ज्यादा केबिन और सामान रखने का स्पेस?

गाड़ी की साइज की बात करें, तो दोनों कारों की अपनी अलग खासियतें हैं। हुंडई बेयॉन की लंबाई 4,245 मिमी, चौड़ाई 1,810 मिमी और ऊंचाई 1,605 मिमी है। इसमें 505 लीटर का बड़ा बूट स्पेस दिया गया है, जो लंबे सफर के दौरान ज्यादा सामान रखने में सहूलियत देता है।

इसके मुकाबले मारुति विक्टोरिस 4,360 मिमी लंबी और 1,655 मिमी ऊंची है, जबकि इसकी चौड़ाई 1,795 मिमी है। विक्टोरिस में 439 से 446 लीटर तक का बूट स्पेस देखने को मिलता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि दोनों ही SUV में 2,600 मिमी का एक समान व्हीलबेस दिया गया है। कुल मिलाकर मारुति की कार लंबाई और ऊंचाई में आगे है, जबकि हुंडई बेयॉन चौड़ाई और डिग्गी के स्पेस के मामले में बाजी मारती है।

केबिन फीचर्स और सेफ्टी

हुंडई बेयॉन में टेक-लवर्स के लिए दो 12.3-इंच की बड़ी स्क्रीन दी गई हैं, जिनमें से एक इंफोटेनमेंट और दूसरी डिजिटल क्लस्टर का काम करती है। इसके अलावा 10 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करने वाला AI वॉयस असिस्टेंट, लेवल-2 ADAS सेफ्टी सूट, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और 360-डिग्री कैमरा जैसे प्रीमियम फीचर्स शामिल किए गए हैं।

मारुति विक्टोरिस भी फीचर्स के मामले में पीछे नहीं है। इसमें 10.1 इंच की टचस्क्रीन, 10.25 इंच का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स और 12 स्पीकरों वाला JBL साउंड सिस्टम मिलता है। इसमें भी लेवल-2 ADAS दिया गया है, और भारत NCAP (Bharat NCAP) क्रैश टेस्ट में इसे 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल है।

पावर, इंजन और माइलेज की तुलना

हुंडई बेयॉन में 1.5-लीटर क्षमता का पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 113 bhp की पावर और 144 Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल और IVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। माइलेज के आंकड़े देखें तो यह कार प्रति लीटर लगभग 17.5 से 18.2 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है।

वहीं मारुति विक्टोरिस में ग्राहकों को इंजन के कई विकल्प मिलते हैं, जिनमें माइल्ड-हाइब्रिड, स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड और CNG शामिल हैं। इसका स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड मॉडल 28.65 किमी प्रति लीटर तक का बेहतरीन माइलेज देने का दावा करता है। साथ ही इसके कुछ चुनिंदा वेरिएंट्स में ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का विकल्प भी मौजूद है।