IAS Gaurav Goyal Rajasthan: IAS गौरव गोयल की राजस्थान वापसी का रास्ता साफ हो गया है। लोकसभा सचिवालय ने शनिवार को उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें मूल कैडर राजस्थान लौटाने के आदेश जारी कर दिए। वे अगस्त 2024 से लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे। अब राज्य में उनकी नई तैनाती को लेकर चर्चा है। माना जा रहा है कि राजस्थान लौटने के बाद जल्द ही उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

राजस्थान सरकार ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सहमति के बाद लोकसभा सचिवालय से गौरव गोयल की सेवाएं वापस करने का आग्रह किया था। इस प्रस्ताव पर लोकसभा अध्यक्ष की सहमति मिलने के बाद सचिवालय ने उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त करने का आदेश जारी किया। बताया जा रहा है कि गौरव गोयल सोमवार को राजस्थान लौट सकते हैं।

उद्योग विभाग की जिम्मेदारी मिलने की भी चर्चा

गौरव गोयल की वापसी ऐसे समय हो रही है, जब राज्य में दिसंबर में प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन होना है। दूसरी ओर, अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल के एपीओ होने के बाद उद्योग विभाग में प्रशासनिक मुखिया का पद खाली है।

ऐसे में गौरव गोयल की संभावित तैनाती को लेकर उद्योग विभाग का नाम भी चर्चा में है। हालांकि, उन्हें कौन-सा विभाग या पद सौंपा जाएगा, इस पर अभी आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है। उनकी वापसी के बाद राज्य सरकार की ओर से जल्द नई पोस्टिंग के आदेश जारी किए जाने की उम्मीद है।

पहले भी चर्चा में रही थी राजस्थान वापसी

गौरव गोयल की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर राजस्थान लौटने की चर्चाएं पहले भी सामने आई थीं, लेकिन उस समय आदेश जारी नहीं हो पाए थे। अब लोकसभा सचिवालय की ओर से प्रतिनियुक्ति समाप्त करने का आदेश जारी होने के बाद उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया है।

अगस्त 2024 से लोकसभा सचिवालय में थे तैनात

गौरव गोयल राजस्थान कैडर के 2006 बैच के IAS अधिकारी हैं। अगस्त 2024 में प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली जाने के बाद उन्हें लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। इससे पहले वे राजस्थान में राज्यपाल के सचिव के पद पर कार्यरत थे।

5 जनवरी 1984 को जन्मे गौरव गोयल ने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई की है। अपने प्रशासनिक करियर में वे राजस्थान सरकार के कई विभागों और संस्थानों में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे जिला कलेक्टर से लेकर मुख्यमंत्री के सचिव तक के पद पर काम कर चुके हैं। प्रशासनिक स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियों का अनुभव रखने वाले अधिकारियों में उनकी गिनती होती है। उन्हें विभिन्न सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है।

10 दिसंबर को JECC में होगा प्रवासी राजस्थानी दिवस

राजस्थान में इस साल प्रवासी राजस्थानी दिवस का दूसरा संस्करण 10 दिसंबर को जयपुर के सीतापुरा स्थित JECC में आयोजित होगा। इसके लिए 11 अक्टूबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है।

कार्यक्रम में देश-विदेश से प्रवासी राजस्थानी, प्रतिनिधि, उद्योग जगत से जुड़े लोग, निवेशक और युवा शामिल होंगे। इसका उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों को राज्य से जोड़ना और उद्योग, निवेश तथा रोजगार के अवसरों पर संवाद के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

इससे पहले प्रवासी राजस्थानी दिवस का पहला संस्करण 10 दिसंबर 2025 को JECC में आयोजित हुआ था। इसमें देश-विदेश से करीब 5 हजार प्रवासी राजस्थानी और अन्य प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था।

पढ़ें ये खबरें