ICC ODI World Cup 2027: वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट यानी आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है। दिए गए शेड्यूल के मुताबिक, टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है, जिससे दोनों टीमों के बीच महामुकाबले का इंतजार अभी से बढ़ गया है।

7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा भारत

भारतीय टीम अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर 2027 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला केपटाउन में खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में पाकिस्तान से भिड़ेगी। भारत का तीसरा मैच 14 अक्टूबर को सेंचुरियन में अफगानिस्तान के खिलाफ होगा। इसके अलावा, भारतीय टीम 17 अक्टूबर को क्वालीफायर-ए से आने वाली टीम और 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।

दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होंगे मुकाबले

2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। टूर्नामेंट के मुकाबले 12 वेन्यू पर खेले जाने की जानकारी दी गई है। इनमें दक्षिण अफ्रीका के आठ, जिम्बाब्वे के तीन और नामीबिया का एक वेन्यू शामिल है। प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों के हिस्सा लेने और 57 मैच खेले जाने की बात कही गई है।

क्या होगा 2027 वर्ल्ड कप का नया फॉर्मेट?

इस बार वर्ल्ड कप में नया सुपर-7 फॉर्मेट देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर को विंडहोक में तीन टीमों के सुपर सीरीज चरण से होगी, जिसके जरिए मुख्य ग्रुप स्टेज की अंतिम टीम तय होगी। इसके बाद 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप से आगे बढ़ने वाली शीर्ष सात टीमें सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

10 टीमें क्वालीफाई, वेस्टइंडीज की राह मुश्किल

अब तक 14 में से 10 टीमों ने वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को वनडे रैंकिंग के आधार पर सीधा प्रवेश मिला है। वहीं, मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को भी सीधे टूर्नामेंट में जगह मिली है।

वेस्टइंडीज समेत बाकी टीमों को क्वालीफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। ऐसे में क्रिकेट फैंस की नजरें भारत-पाकिस्तान के मुकाबले के साथ-साथ टूर्नामेंट के नए फॉर्मेट और क्वालीफायर राउंड पर भी रहेंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m