प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धर्म नगरी उज्जैन में नवरात्रि के दौरान शहर में व्यावसायिक (पेड) गरबा आयोजनों और शुल्क लेकर युवक-युवतियों की गरबा स्थल पर एंट्री के खिलाफ हिंदूवादी संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है। हिंदू जागरण मंच ने ऐसे आयोजनों को रोकने के लिए अभी से मुहिम शुरू कर दी है।
इसी क्रम में हिंदू जागरण मंच संगठन के कार्यकर्ता उज्जैन के तीनबत्ती चौराहा स्थित शुभ बेकरी पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दुकान पर लगे इवेंट के पोस्टर-बैनर फाड़ दिए और संचालक को ऐसे आयोजन से दूर रहने की चेतावनी दे डाली।

दरअसल, आगामी दिनों में 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान 13 से 15 अक्टूबर तक राजाराम रिसोर्ट में ‘डांडिया बिट्स’ नाम से तीन दिवसीय कमर्शियल गरबा आयोजन प्रस्तावित है। इसमें शुभ बेकरी स्पॉन्सर के रूप में जुड़ी हुई थी। बेकरी के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से पास बिक्री के संदेश भेजे जा रहे थे और दुकान पर आयोजन के पोस्टर भी लगाए गए थे।
कमर्शियल गरबा आयोजन की जानकारी मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच की महिला विंग और युवा कार्यकर्ता शुभ बेकरी पहुंचे। उन्होंने संचालक को शुल्क आधारित या कमर्शियल इवेंट से दूर रहने की हिदायत दी। इस दौरान संगठन के सदस्यों और बेकरी संचालक के बीच बहस भी हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दुकान पर लगाए और पोस्टर बैनर उखाड़कर फाड़ दिए।

हिंदूवादी नेता रितेश माहेश्वरी ने कहा कि नवरात्रि माता की भक्ति का पर्व है। आयोजक नौ दिनों तक माता की प्रतिमा स्थापित कर पारंपरिक गरबा कराएं, इसका स्वागत है। उन्होंने कहा कि टिकट आधारित व्यावसायिक आयोजनों के नाम पर फूहड़ता और अश्लीलता को महाकाल की नगरी उज्जैन में बर्दाश्त नहीं किया जाएग। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर में कहीं भी ऐसे व्यावसायिक गरबा आयोजन करने का प्रयास हुआ तो हिंदू संगठन उसका विरोध करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

