अनिल मालवीय, इछावर। जिला मुख्यालय के शासकीय एक्सीलेंस स्कूल में परीक्षा देने आ रही एक छात्रा शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। मोगराराम जोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने छात्रा की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्रा और बाइक चालक युवक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। छात्रा की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल भोपाल रेफर किया गया है।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दोनों लहूलुहान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्रा एक व्यक्ति के साथ बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने सीहोर आ रही थी। जैसे ही उनकी बाइक मोगराराम जोड़ के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों और सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर, भोपाल रेफर
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, छात्रा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भी उसकी हालत में सुधार न होने और स्थिति नाजुक बने रहने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया है। वहीं घायल युवक का भी उपचार जारी है।
परिजनों से संपर्क करने में आ रही दिक्कत, पहचान की कोशिशें जारी
घटना के बाद घायल छात्रा की पहचान और उसके परिजनों को सूचना देने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मोबाइल लॉक होने से परेशानी: छात्रा के पास एक मोबाइल फोन मिला है, लेकिन उस पर स्क्रीन लॉक पासवर्ड लगा होने के कारण पुलिस उसके परिजनों के नंबर नहीं निकाल पा रही है।
नसरुल्लागंज की हो सकती है छात्रा: पुलिस को छात्रा के पास से एक एडमिट कार्ड मिला है। एडमिट कार्ड पर दर्ज जानकारी के आधार पर कयास लगाए जा रहे हैं कि छात्रा नसरुल्लागंज क्षेत्र की रहने वाली हो सकती है। युवक के हाथ पर गुदा है ‘गणेश’: बाइक चला रहे घायल युवक की भी अभी पूर्ण पहचान नहीं हो सकी है, हालांकि उसके हाथ पर ‘गणेश’ नाम खुदा हुआ है।
पुलिस की अपील: पुलिस प्रशासन ने एडमिट कार्ड और युवक के हाथ पर लिखे नाम के आधार पर नसरुल्लागंज और आस-पास के क्षेत्रों में संपर्क साधा है ताकि घायलों के परिजनों को जल्द से जल्द सूचित किया जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।

