रायपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) रायपुर शाखा द्वारा रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल में एक विशेष जन-जागरूकता एवं पारिवारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल की निदेशक आकांक्षा गोयल एवं गोविंद मुदलियार रहे। अतिथियों का स्वागत आईडीए रायपुर द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
इस अवसर पर प्रख्यात मेटाबॉलिक हेल्थ एवं लाइफस्टाइल डिजीज न्यूट्रिशन विशेषज्ञ डॉ. नेहा वाधवा ने बच्चों, अभिभावकों एवं दंत चिकित्सकों को संबोधित करते हुए आधुनिक खानपान की आदतों, जंक फूड के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली तथा बच्चों के समग्र स्वास्थ्य में पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। उनका व्याख्यान अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियों के साथ-साथ पूल पार्टी का भी आयोजन किया गया, जिसका बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। प्रतिभागियों के लिए आकर्षक लकी ड्रॉ एवं उपहारों की व्यवस्था भी की गई।
आईडीए रायपुर के अध्यक्ष डॉ. सी. किरण कुमार, सचिव डॉ. अभिनव शितूत, कोषाध्यक्ष डॉ. चिराग जोशी सहित बड़ी संख्या में दंत चिकित्सक एवं उनके परिवार कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सदस्य डॉ. अंकिता जोशी, डॉ. मोहित मानिक, डॉ. अपराजिता दत्ता एवं डॉ. सोपन सिंह का विशेष योगदान रहा। आईडीए रायपुर ने उनके समर्पण एवं अथक प्रयासों की सराहना की।
आईडीए रायपुर केवल दंत स्वास्थ्य तक सीमित न रहकर समय-समय पर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, तंबाकू निषेध, बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनहित कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुँचाकर एक स्वस्थ एवं जागरूक समुदाय का निर्माण करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

