कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां शादीशुदा महिला को पहले उसके दूर के रिश्तेदार ने पति को छोड़ने के लिए बहकाया, फिर शादी का भरोसा देकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। आरोप है कि जब महिला ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। इतना ही नहीं, पुलिस में शिकायत करने पर महिला के दोनों भाइयों को गोली मारने की धमकी भी दे डाली। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आठ साल पुरानी पहचान थी
दरअसल यह मामला पुरानी छावनी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी मंगल सिंह उर्फ विक्की उसका दूर का रिश्तेदार है और शादी से पहले दोनों की करीब आठ साल पुरानी पहचान थी। महिला की शादी होने के बाद भी आरोपी लगातार संपर्क में रहा और उसे पति को छोड़कर उसके साथ रहने के लिए उकसाता रहा। वह बार-बार शादी का वादा करता और उससे बेहतर जिंदगी देने का भरोसा दिलाता था। महिला का आरोप है कि 19 मई 2026 को आरोपी उसे कार में घुमाने के बहाने सुनसान जगह पर ले गया।
पति ने उसे घर से निकाल दिया
वहां कार के शीशे बंद कर शादी का झूठा भरोसा देते हुए उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। भरोसे के नाम पर मिले इस धोखे ने महिला की जिंदगी पूरी तरह बदल दी। घटना के बाद जब महिला ने अपने पति को पूरी बात बताई तो पति ने उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी से शादी करने की बात कही, लेकिन इस बार आरोपी अपने वादे से पलट गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उसके दोनों भाइयों को गोली मारने की धमकी दी।
आरोपी मंगल सिंह उर्फ विक्की गिरफ्तार
डरी हुई महिला ने परिजनों को पूरी घटना बताई और पुरानी छावनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी मंगल सिंह उर्फ विक्की के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

