Lifestyle Desk :- सुबह के नाश्ते में अगर आप कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट को लंबे समय तक भरा रखे, तो छोले के पराठे एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। छोले यानी चने प्रोटीन और फाइबर जैसे पोषक तत्वों का स्रोत हैं। इन्हें पराठे की स्टफिंग में शामिल करके आप रोज के नाश्ते को थोड़ा ज्यादा पौष्टिक बना सकते हैं। खास बात यह है कि छोले के पराठे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। अगर आपके पास रात के बचे हुए उबले छोले हैं, तो सुबह यह नाश्ता और भी जल्दी तैयार हो सकता है।आइए जानते हैं छोले के पराठे बनाने कि रेसिपी।

सामग्री
छोले-1 कप उबले हुए
गेहूं का आटा-2 कप
प्याज -1 बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च-1-2 बारीक कटी हुई
थोड़ा हरा धनिया
अजवाइन-1/2 चम्मच
जीरा-1/2 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-1/2 चम्मच
धनिया पाउडर-1/2 चम्मच
नमक-स्वादानुसार
गरम मसाला-थोड़ा
जरूरत के अनुसार पानी
पराठे सेंकने के लिए तेल या घी

विधि
1-सबसे पहले उबले हुए छोले लें और उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें। ध्यान रखें कि छोले में बहुत ज्यादा पानी न हो, वरना पराठे की स्टफिंग गीली हो सकती है।
2-अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, अजवाइन, जीरा, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर स्टफिंग तैयार कर लें।
3-इसके बाद एक बर्तन में गेहूं का आटा लें और जरूरत के अनुसार पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। आटे को कुछ मिनट के लिए ढककर रख दें।
4-अब आटे की लोई बनाएं और उसे थोड़ा बेल लें। इसके बीच में तैयार छोले की स्टफिंग रखें और चारों तरफ से बंद कर दें। इसे हल्के हाथों से बेलकर पराठे का आकार दें।
5-तवा गर्म करें और उस पर पराठा डालें। दोनों तरफ से हल्का सिकने के बाद अपनी पसंद के अनुसार थोड़ा तेल या घी लगाएं। पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।गरमा-गरम छोले के पराठे को दही, हरी चटनी या अचार के साथ परोस सकते हैं।

नाश्ते में क्यों अच्छा विकल्प हो सकता है?
छोले में प्रोटीन और फाइबर पाया जाता है, जबकि गेहूं का आटा कार्बोहाइड्रेट और कुछ मात्रा में प्रोटीन व फाइबर देता है। इन दोनों को मिलाकर बनाया गया पराठा सामान्य पराठे की तुलना में ज्यादा संतोषजनक नाश्ता हो सकता है। साथ में दही लेने से भोजन में प्रोटीन की मात्रा और बढ़ सकती है।अगर आप नाश्ते को हल्का रखना चाहते हैं, तो पराठा कम तेल या घी में सेंकें और साथ में ताजा दही व सलाद लें।

टिप-छोले की स्टफिंग को बहुत ज्यादा गीला न रखें। अगर छोले रात में उबले हुए हैं, तो उन्हें अच्छी तरह छानकर इस्तेमाल करें। इससे पराठे बेलते समय स्टफिंग बाहर निकलने की संभावना कम होगी।