कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश की ग्वालियर पुलिस इन दिनों एक ऐसे “मिशन” पर काम कर रही है, जो न किसी अपराधी की तलाश है और न ही किसी बड़ी वारदात की जांच। यह मिशन एक श्रद्धालु की आस्था से जुड़ा है। बाजार की भीड़ में गुम हुए लड्डू गोपाल को तलाशने के लिए ग्वालियर रेंज के IG अरविंद सक्सेना ने बाकायदा SIT गठित कर दी है। पांच महीने से अपने आराध्य की तलाश में भटक रही कृष्ण भक्त की पीड़ा को देखते हुए पुलिस ने यह अनोखी पहल की है।
सब्जी मंडी में भीड़ से गुम हुए थे लड्डू गोपाल
दरअसल ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित अलकापुरी निवासी विजया शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त हैं। वह जहां भी जाती थीं, अपने आराध्य लड्डू गोपाल को हमेशा साथ रखती थीं। लेकिन 29 जनवरी 2026 को महाराज बाड़ा की सब्जी मंडी में खरीदारी के दौरान भीड़ में उनके लड्डू गोपाल कहीं गुम हो गए। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो विजया शर्मा ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद भी वह लगातार मंदिरों, बाजारों और गलियों में अपने आराध्य की तलाश करती रहीं।

IG ने SIT गठन कद दिए निर्देश
पिछले पांच महीने में विजया शर्मा कई बार पुलिस अधिकारियों से गुहार लगा चुकी थीं। आखिरकार उनकी आस्था और भावनाओं को देखते हुए ग्वालियर रेंज के IG अरविंद सक्सेना ने इस मामले में विशेष जांच दल यानी SIT गठित करने के निर्देश दिए। कोतवाली, जनकगंज और माधवगंज थाना क्षेत्र के छह पुलिसकर्मियों की टीम अब “मिशन कान्हा” के तहत गुम हुए लड्डू गोपाल की तलाश करेगी। पुलिस की इस अनोखी पहल की पूरे शहर में चर्चा हो रही है।

श्रद्धालु की आस्था और भावनाओं से जुड़ा मामला
वहीं ग्वालियर आईजी अरविंद सक्सेना का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक प्रतिमा के गुम होने का नहीं, बल्कि एक श्रद्धालु की आस्था और भावनाओं से जुड़ा है। यही वजह है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम बनाई गई है, ताकि विजया शर्मा को उनके आराध्य फिर से मिल सकें।

कब मुकान तक पहुंचेगा ‘मिशन कान्हा’?
बहरहाल आस्था और विश्वास से जुड़े इस अनोखे मामले में अब सबकी निगाहें पुलिस की SIT पर हैं। देखना होगा कि “मिशन कान्हा” कब तक अपने मुकाम तक पहुंचता है और क्या विजया शर्मा को उनके लड्डू गोपाल दोबारा मिल पाते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


