आईआईटी बीएचयू ने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल और सस्टेनेबल मोबिलिटी पर संयुक्त रिसर्च के लिए समझौता किया है. दोनों संस्थान संयुक्त रिसर्च टीम, प्रोजेक्ट, फैकल्टी-स्टूडेंट एक्सचेंज और मटेरियल रिसर्च पर साथ काम करेंगे.
वाराणसी. आईआईटी बीएचयू ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन, एन आर्बर के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं. दोनों संस्थान इलेक्ट्रिक व्हीकल और सस्टेनेबल मोबिलिटी से जुड़े संयुक्त रिसर्च और इनोवेशन पर काम करेंगे.
यह एमओयू 8 सितंबर 2026 को यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन के इलेक्ट्रिक व्हीकल सेंटर में हुआ. आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा और मिशिगन यूनिवर्सिटी के एसोसिएट डीन फॉर रिसर्च प्रो. टॉड एलेन ने समझौते पर हस्ताक्षर किए.
संयुक्त शोध पर जोर
एमओयू के बाद ई-मोबिलिटी रिसर्च के लिए दोनों संस्थानों की संयुक्त टीम तैयार की जाएगी. यह टीम इलेक्ट्रिक व्हीकल के बढ़ते बाजार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रिसर्च और इनोवेशन पर काम करेगी.
आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मिशिगन यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रिक व्हीकल सेंटर के दौरे पर भी गया था. प्रो. पात्रा ने कहा कि आईआईटी बीएचयू ई-मोबिलिटी रिसर्च के क्षेत्र में लगातार काम कर रहा है.
उन्होंने कहा कि मिशिगन यूनिवर्सिटी की ईवी सिस्टम से जुड़ी विशेषज्ञता और आईआईटी बीएचयू की क्षमताओं के साथ आने से वैश्विक स्तर पर इनोवेशन को बढ़ावा मिलेगा.
दो प्रोजेक्ट स्वीकृत
आईआईटी बीएचयू के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष और सेंटर फॉर ट्रांसपोर्टेशनल ई-मोबिलिटी के कोऑर्डिनेटर प्रो. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सहयोग के तहत दो प्रोजेक्ट पहले ही स्वीकृत हो चुके हैं. इन दोनों प्रोजेक्ट पर काम जारी है.
एडवांस मटेरियल को लेकर हुई चर्चा के बाद दोनों संस्थानों ने संयुक्त मटेरियल रिसर्च टीम बनाने पर सहमति जताई. यह टीम भविष्य की रिसर्च की दिशा तय करने के लिए एक व्हाइट पेपर तैयार करेगी.
फैकल्टी-स्टूडेंट एक्सचेंज
समझौते के तहत संयुक्त रिसर्च के अलावा फैकल्टी और स्टूडेंट एक्सचेंज को भी बढ़ावा मिलेगा. दोनों संस्थानों के एलुमनाई नेटवर्क को मजबूत करने पर भी सहयोग किया जाएगा.
आईआईटी बीएचयू के प्रतिनिधिमंडल में प्रो. राजीव कुमार सिंह, डीन रिसोर्स एंड एलुमनाई प्रो. हीरालाल प्रामाणिक, विशिष्ट पूर्व छात्र विश नारायणन और वरिष्ठ पूर्व छात्र डॉ. मिर्ले शामिल रहे.
ऑनलाइन चर्चा में डॉ. देबदीप भंडारी, डॉ. अबीर घोष, डॉ. उदिता घोष और डॉ. प्रोद्युत धर जुड़े. वहीं मिशिगन यूनिवर्सिटी की ओर से इलेक्ट्रिक व्हीकल सेंटर के डायरेक्टर प्रो. एलन टॉब, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. क्रिस्टोफ मैंगिन, प्रो. जेसन सीगल, प्रो. हीथ हॉफमैन और प्रो. अमित मिश्रा मौजूद रहे.
आईआईटी बीएचयू के अनुसार, यह समझौता वैश्विक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम में अत्याधुनिक रिसर्च को गति देने में मदद करेगा.



