कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। सबसे बड़े सरकारी अस्पताल जयारोग्य अस्पताल यानी JAH में पार्किंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली का बड़ा खुलासा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि पार्किंग कर्मचारियों ने अस्पताल के सहायक अधीक्षक से ही तय शुल्क से ढाई गुना ज्यादा पार्किंग फीस वसूल ली। शिकायतो की जांच के लिए पहुंचे सहायक अधीक्षक ने खुद वीडियो बनाकर पूरे मामले का खुलासा किया। जांच में ओवरचार्जिंग की पुष्टि होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पार्किंग संचालक पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

4 पहिया वाहन पार्किंग 20 रुपए तय, वसूले 50

ग्वालियर-चंबल अंचल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल जयारोग्य अस्पताल में पार्किंग शुल्क के नाम पर लंबे समय से अधिक वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। टेंडर की शर्तों के मुताबिक 4 पहिया वाहन की पार्किंग फीस सिर्फ 20 रुपए तय है, लेकिन आरोप है कि पार्किंग कर्मचारी लगातार 50 रुपए तक वसूल रहे थे। शिकायतों की सच्चाई जानने के लिए सहायक अधीक्षक डॉ. एम.एल. माहौर स्वयं अस्पताल परिसर पहुंचे। यहां उनसे भी पार्किंग कर्मचारियों ने 50 रुपए मांगे। उन्होंने मौके पर ही विरोध जताया। पूरी घटना का वीडियो बनाया और पार्किंग की रसीद भी ली, जिसमें 50 रुपए शुल्क दर्ज था। इस तरह ओवरचार्जिंग का पुख्ता प्रमाण अस्पताल प्रबंधन के हाथ लग गया।

दोबारा शिकायत मिलने पर ठेका निरस्त की चेतावनी

यह पहली बार नहीं है जब JAH की पार्किंग व्यवस्था सवालों के घेरे में आई हो। इससे पहले भी मरीजों और उनके परिजनों ने तय शुल्क से अधिक पैसे वसूलने और पार्किंग कर्मचारियों के अभद्र व्यवहार की शिकायतें की थीं। इन शिकायतों के बाद अस्पताल अधीक्षक ने पार्किंग ठेकेदार को नोटिस भी जारी किया था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। अब सहायक अधीक्षक के साथ हुई घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पार्किंग संचालक पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि भविष्य में दोबारा ऐसी शिकायत मिलने पर पार्किंग का ठेका निरस्त कर दिया जाएगा।

कार्रवाई के बाद 20 रुपए ही लिए

अस्पताल प्रबंधन की कार्रवाई के बाद अब पार्किंग में निर्धारित दर के अनुसार ही 20 रुपए शुल्क लिया जा रहा है। इसका फायदा मरीजों और उनके परिजनों को मिलने लगा है। जालौन से इलाज के लिए आए मंजर अली ने बताया कि पिछले कई दिनों से उनसे रोजाना 50 रुपए पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था, लेकिन कार्रवाई के बाद अब उनसे सिर्फ 20 रुपए ही लिए गए। उन्होंने इसे मरीजों और आम लोगों के हित में बड़ी राहत बताया। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन की यह कार्रवाई स्थायी सुधार साबित होती है या फिर कुछ दिनों बाद पार्किंग वसूली का पुराना खेल फिर शुरू हो जाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m