देव चौहान, रायसेन। गौहरगंज थाना पुलिस ने एनएच 46 पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एलपीजी गैस कंटेनर (कैप्सूल ट्रक) से अवैध रूप से सिलेंडर भरने वाले एक शातिर गिरोह को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। नेशनल हाईवे किनारे स्थित ‘राजधानी ढाबा’ पर चल रहे इस खतरनाक गोरखधंधे के भंडाफोड़ से एक बड़ा संभावित हादसा टल गया है।

मुखबिर की सूचना पर देर रात दबिश

बीती देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच 46 पर आलमपुर गांव स्थित राजधानी ढाबे पर एचपी (HP) कंपनी के दो एलपीजी गैस कैप्सूल ट्रक खड़े हैं, जिनसे अत्यंत ज्वलनशील गैस को नोजल पाइप के जरिए कमर्शियल सिलेंडरों में अवैध रूप से निकाला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां तीन आरोपी नोजल की मदद से गैस रिफलिंग करते हुए पाए गए, जिन्हें पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत धर दबोचा।

जब्त सामग्री और टला बड़ा हादसा

पुलिस ने मौके से अवैध खरीद-फरोख्त और रिफलिंग में इस्तेमाल की जा रही भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है। 2 एलपीजी गैस कंटेनर (HP कंपनी के कैप्सूल ट्रक), 28 कमर्शियल गैस सिलेंडर, 1 बोलेरो पिकअप वाहन, रिफलिंग उपकरण नोजल पाइप और कांटा (तौल मशीन)। हाईवे के किनारे खुलेआम बिना किसी सुरक्षा मानकों के की जा रही रिफलिंग से कभी भी कोई भीषण विस्फोट या दुर्घटना हो सकती थी। पुलिस की इस तत्परता से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।

आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ

पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर गौहरगंज थाने में मामला दर्ज किया है। इनमें फिरोज अहमद (34 वर्ष) – निवासी ठीकरी, थाना गौहरगंज, अरुण लोधी (22 वर्ष) – निवासी राहुल नगर, सतलापुर, रोशन लोधी (38 वर्ष) – निवासी राहुल नगर, सतलापुर शामिल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से हाईवे किनारे इस अवैध रिफलिंग और सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त का धंधा चला रहा था। पुलिस फिलहाल आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m