IMA महाराष्ट्र ने 20 जुलाई को प्रस्तावित हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है. बॉम्बे उच्च न्यायालय द्वारा आरोपी शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को दी गई जमानत पर रोक लगाने के एक दिन बाद यह कदम उठाया गया है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन महाराष्ट्र ने डोंबिवली के एक निकाय अस्पताल में चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों पर हुए हमले के विरोध में 20 जुलाई को राज्यव्यापी नियमित चिकित्सा सेवाओं को 24 घंटे के लिए निलंबित करने की घोषणा की थी.
चिकित्सक संघ ने हालांकि महाराष्ट्र सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि चिकित्सकों की सुरक्षा से जुड़ी उनकी लंबित मांगें स्वीकार नहीं की गईं तो नौ अगस्त से पूरे राज्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी.
ठाणे जिले की एक अदालत ने 14 जुलाई को कल्याण-डोंबिवली नगर निगम के पार्षद रमेश म्हात्रे को जमानत दे दी थी, जो कि डोंबिवली अस्पताल में चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों के साथ मारपीट का आरोपी है. उसके बाद बॉम्बे उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लेते हुए शनिवार को हमले के मामले में मुख्य आरोपी रमेश म्हात्रे की जमानत निलंबित कर दी. आरोपी को रविवार शाम तक अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया गया.
रविवार दोपहर को आईएमए द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद आईएमए और अन्य चिकित्सा निकायों ने व्यापक बैठकें कीं. जिसके बाद यह फैसला किया गया कि बॉम्बे उच्च न्यायालय द्वारा उठाया गया यह कदम स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.
इसके उपरांत 20 जुलाई को निर्धारित हड़ताल को स्थगित करने की घोषणा की गयी. इसके साथ ही IMA महाराष्ट्र ने कहा कि यदि राज्य सरकार आवश्यक अध्यादेश नहीं लाती और हमारी मांगें पूरी नहीं करती तो स्वास्थ्यकर्मी समुदाय 9 अगस्त 2026 (क्रांति दिवस) से पूरे राज्य में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेगा.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

