यमन के तट के निकट एक तंजानिया के ध्वज वाले तेल टैंकर के संदिग्ध सोमाली समुद्री डाकुओं द्वारा अपहरण किए जाने की खबर सामने आई है. अपहरण करने के बाद इस टैंकर को सोमालिया के अर्ध-स्वायत्त इलाके पुंटलैंड के बारी समुद्री इलाके में ले गए हैं. इसकी पुष्टि रविवार को सुरक्षा सूत्रों और स्थानीय अधिकारियों ने की है. इस घटना ने एक बार फिर अदन की खाड़ी और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

समुद्री रास्ता स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में गहराए तनाव के बीच यमन के तट से एक बुरी खबर सामने आई हैं. सात हथियारबंद सोमाली समुद्री लुटेरों ने तंजानिया के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी असाना का कथित तौर पर अपहरण कर लिया.

जानकारी के मुताबिक एमटी असाना नाम का तेल टैंकर शुक्रवार को यमन के मुकल्ला (Mukalla) बंदरगाह से रवाना हुआ था. यात्रा शुरू होने के कुछ समय बाद ही संदिग्ध सोमाली समुद्री डाकुओं ने जहाज पर कब्जा कर लिया. सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, अपहरण के बाद टैंकर को सोमालिया के पंटलैंड प्रांत के कालूला तट के समीप समुद्र में ले जाकर रोक दिया गया.

जहाजों की आवाजाही पर नजर रखने वाले सार्वजनिक ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, इस घटना के समय एमटी असाना अदन की खाड़ी में बहुत ही धीमा गति से चल रहा था। इसे सोमालिया के बोसासो बंदरगाह पहुंचना था.

क्षेत्र में गश्त करने वाली अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक बलों ने भी फिलहाल कोई सार्वजनिक अपडेट जारी नहीं किया है. वहीं, जहाज के मालिक और प्रबंधन कंपनी ने भी घटना पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

सूत्रों के मुताबिक, अपहरण के दौरान जहाज से डिस्ट्रेस अलर्ट (संकट में होने का संदेश) भी भेजा गया था. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि टैंकर पर कुल कितने चालक दल के सदस्य सवार थे और उनमें से कोई घायल हुआ है या नहीं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m