IMD Weather Update: देश के कई राज्यों गर्मी (Heat) का प्रकोप शुरू हो गया है। देश के कई शहरों में हीटवेव (heatwave) चलने के कारण तापमान 45°C तक पहुंच गया है। यूपी का बांदा और विदर्भ का वर्धा देश में सबसे गर्म शहर बन गया है। बांदा 17 अप्रैल को 45°C तापमान दर्ज करने वाला पहला शहर बना। विदर्भ के वर्धा में भी तापमान 45°C तक पहुंच गया। जबकि 20 अप्रैल को यूपी का प्रयागराज देश में सबसे गर्म रहा। 20 अप्रैल को प्रयागराज का तापमान 44°C दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) ने आज (21 अप्रैल) हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, वेस्टर्न यूपी, ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ में रातें भी लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

भीषण गर्मी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि देश के 8 राज्यों में रात में भी लू चल रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और दिल्ली में दिन में लू कहर जारी है। इन राज्यों के कई जिले 44°C का आंकड़ा पार कर गया है। भारतीय मौस विभाग ने कई इलाकों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है।

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, विदर्भ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। नागपुर, गोंदिया, अमरावती समेत कई इलाकों में तापमान 40°C से ऊपर पहुंच रहा है। पूरा विदर्भ क्षेत्र लगभग लू की स्थिति झेल रहा है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर और फुर्सतगंज में लू का असर देखा जा सकता है। आने वाले दिनों में भी  विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में तापमान अधिक बना रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर तापमान 45°C तक पहुंच सकता है। इस हफ्ते पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी लू की स्थिति बनने के आसार जताए जा रहे हैं।

महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में ट्रैफिक सिग्नल बंद

महाराष्ट्र के गोंदिया और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार को पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण दोनों जिलों में दोपहर 12:30 बजे से 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद रखे जा रहे हैं, ताकि लोग चौराहों पर धूप में खड़े रहने से बच सकें। इसके अलावा इन राज्यों की सरकार ने दोपहर 12 से 4 बजे तक सभी आउटडोर काम रोकने के निर्देश दिए हैं। कंस्ट्रक्शन वर्कर, स्ट्रीट वेंडर और ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों के काम के घंटे बदलकर सुबह 6 से 11 बजे तक और शाम 4 से 8 बजे तक किए गए हैं।

इन राज्यों को झुलसाएगी गर्मी

मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले 4 से 5 दिन तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के आसपास के कुछ इलाकों में लू चलने का प्रबल अनुमान है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी बंगाल में गंगा के मैदानी भाग, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के छिटपुट इलाकों में 21 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने का अनुमान है। IMD के मुताबिक 21 से 26 अप्रैल के दौरान पश्चिमी बंगाल में गंगा के कुछ मैदानी इलाकों, 21 से 22 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, 21 से 24 अप्रैल के दौरान केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलावा 24 और 25 अप्रैल को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की प्रबल संभावना है। साथ ही 21 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ और 21 से 22 अप्रैल के बीच ओडिशा में कुछ इलाकों में रात का तापमान बढ़ने का अनुमान है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m