देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहसपुर में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

शिविर के दौरान स्थानीय निवासी बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर स्वरोजगार के लिए जूट बैग निर्माण हेतु सिलाई मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

आजीविका मजबूत करने में सहायता मिलेगी

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी के समन्वय से उसी शाम बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई। इससे उन्हें जूट बैग निर्माण के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने और अपनी आजीविका मजबूत करने में सहायता मिलेगी।

सिलाई मशीन मिलने पर बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की त्वरित कार्रवाई से उनके स्वरोजगार का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।